मुंबई

BJP Candidate List: महाराष्ट्र चुनाव के लिए बीजेपी की 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, देखें किसे कहां से मिला मौका?

BJP 1st List For Maharashtra Election : महाराष्ट्र चुनाव 2024 के लिए बीजेपी ने आज 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।
2 min read
• •
Updated: 20 Oct 2024, 6:08 PM IST
Maharashtra Election 2024 BJP list

Maharashtra Assembly Election 2024 : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट रविवार (20 अक्टूबर) दोपहर को जारी कर दी है। इसमें बीजेपी ने 99 उम्मीदवारों की घोषणा की है। महाराष्ट्र में सभी 288 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा तथा मतगणना 23 नवंबर को होगी।

बीजेपी ने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नागपुर दक्षिण-पश्चिम और राज्य बीजेपी प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले को कामठी (नागपुर शहर) से उम्मीदवार बनाया है। वहीँ, मंत्री गिरीश महाजन को जामनेर, मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को बल्लारपुर, श्रीजया अशोक चव्हाण को भोकर, आशीष शेलार को बांद्रा पश्चिम, मंगल प्रभात लोढ़ा को मालाबार हिल, राहुल नार्वेकर को कोलाबा और सतारा से छत्रपति शिवेंद्र राजे भोसले को टिकट दिया है।

BJP Candidate 1st List For Maharashtra Assembly Elections -

महाराष्ट्र में अभी महायुति गठबंधन की सरकार है, जिसमें बीजेपी, शिवसेना का एकनाथ शिंदे नीत धड़ा और एनसीपी का अजित पवार नीत धड़ा शामिल है। महायुति का सीधा मुकाबला विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी (एमवीए) से है, जिसमें कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और वरिष्ठ नेता शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) शामिल है।

2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो बीजेपी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। हालांकि, तब बीजेपी और अविभाजित शिवसेना ने एनडीए के बैनर तले एक साथ चुनाव लड़ा था। तब बीजेपी ने 165 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और उनमें से 105 विजयी रहे थे। जबकि अविभाजित शिवसेना ने 126 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 56 सीटें जीती थीं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने 147 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे और उसे 44 सीटें जीती थीं, जबकि अविभाजित एनसीपी ने 121 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 54 सीटें जीतने में कामयाब रही थी।