मुंबई

‘हरियाणा तो झांकी है, महाराष्ट्र अभी बाकी है’, जीत की हैट्रिक लगाने के बाद BJP ने भरी हुंकार

Haryana Election Result : हरियाणा चुनाव में कांग्रेस हार गई है और बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगाई है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा, हरियाणा की जीत पीएम मोदी पर देश की जनता के विश्वास की जीत है। प्रधानमंत्री मोदी की विकास की राजनीति को जनता ने स्वीकार किया है।
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2024, 9:07 PM IST
PM Modi BJP Maharashtra election

Maharashtra Assembly Elections : हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे आ गए हैं और बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगा दी है। राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस के बीच हुए मुकाबले में भगवा पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। इससे लोकसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली महाराष्ट्र बीजेपी के हौसलें फिर बुलंद हो गए है।

हरियाणा फतह से बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई का मनोबल बढ़ा है। प्रदेश बीजेपी नेताओं ने हरियाणा जैसी जीत महाराष्ट्र में भी दोहराने का दावा किया है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में शानदार सफलता के बाद महाराष्ट्र बीजेपी ने मुंबई स्थित बीजेपी दफ्तर के बाहर जश्न मनाया। इस दौरान बीजेपी दफ्तर के बाहर ‘हरियाणा तो झांकी है, महाराष्ट्र अभी बाकी है’ के पोस्टर लगाये गए।

फडणवीस बोले- यही नवंबर में भी होगा

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मौके पर बड़ा बयान दिया। बीजेपी के वरिष्ठ नेता फडणवीस ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि जैसे आज हरियाणा में नतीजे आए हैं वैसे ही नतीजे नवंबर में महाराष्ट्र में भी देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा, हरियाणा ने एक बार फिर अपने नेता व दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता पीएम नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है और हरियाणा में पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बन रही है।

फडणवीस ने आगे कहा, लोकसभा चुनाव के बाद मैंने कहा था कि हम विपक्षी दल से नहीं हारे हैं। किसी भी विपक्षी दल में हमें हराने की ताकत नहीं... हमें तो चौथी पार्टी ‘फेक नरेटिव’ (fake narrative) ने हराया था। हमने लोकसभा तो जीत ली, लेकिन विपक्ष के झूठ फैलाने की वजह से हमारी कुछ सीटें कम हो गईं। ‘फेक नरेटिव’ का जवाब जनता ने दिया है...जो हरियाणा में हुआ वही नवंबर में महाराष्ट्र में भी होगा।

बीजेपी नेता फडणवीस ने कहा, "हरियाणा में जो विजय बीजेपी को मिली है, उसके लिए मैं पीएम मोदी का अभिनंदन करता हूं…मैं सभी कार्यकर्ताओं को भी बधाई देता हूं। आज की विजय प्रधानमंत्री मोदी पर देश की जनता के विश्वास की विजय है…इस विजय ने दिखाया है कि हरियाणा के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी की विकास की राजनीति को स्वीकारा है…जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र की जीत हुई है…"

गौरतलब हो कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए नवंबर में चुनाव होने हैं। जिसमें सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्षी महाविकास अघाडी (एमवीए) गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर होने की संभावना है। महायुति में शिवसेना (शिंदे गुट), बीजेपी और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी है। जबकि एमवीए गठबंधन में उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी), शरद पवार की एनसीपी (एसपी) और कांग्रेस शामिल है।

चुनाव के ऐलान से पहले ही कयास लगाए जा रहे हैं कि हरियाणा के नतीजों का असर नवंबर में होने वाले महाराष्ट्र चुनाव पर पड़ेगा। सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन इसे राज्य के चुनाव में भुनाने के लिए पूरी कोशिश करेगा। हाल ही में लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जिससे राज्य की 48 में से 13 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि बीजेपी महज 9 सीटों पर सिमट गई।

Updated on:
8 Oct 2024, 9:07 PM IST
Published on: