Ram Kadam: भाजपा विधायक राम कदम ने कहा कि उन्होंने पांच साल पहले इस योजना के बारे में सोचा था। जो आज सच हो रहा है।
BJP MLA Ram Kadam: मुंबई के घाटकोपर पश्चिम से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक राम कदम एक बार फिर चर्चा में हैं। एक प्रतिज्ञा के चलते उन्होंने पूरे चार साल बाद अपने बाल कटवाए हैं। भाजपा नेता ने कसम खाई थी कि जब तक उनके निर्वाचन क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, वे नाई के पास नहीं जाएंगे।
करीब चार साल पहले घाटकोपर पश्चिम के पहाड़ी इलाकों में रहने वाले निवासी पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे थे। लोगों को अपनी रोज़मर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी मिलने में दिक्कत हो रही थी। अपने निर्वाचन क्षेत्र की जनता की इस परेशानी को देखते हुए विधायक राम कदम ने प्रण लिया था कि वह अपने बाल तब तक नहीं कटवाएंगे, जब तक कि घाटकोपर विक्रोली में जल आपूर्ति के लिए ठोस बुनियादी ढांचा तैयार नहीं हो जाता।
गुरुवार को जब पानी की टंकियों और पाइपलाइन का काम शुरू हुआ, तब उन्होंने अपना यह 'वनवास' समाप्त किया और परियोजना स्थल पर ही जाकर बाल कटवाए।
विधायक राम कदम ने बताया कि उन्होंने पांच साल पहले ही इस योजना पर विचार करना शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि यहां 2 करोड़ लीटर से अधिक क्षमता वाली पानी की टंकियों का निर्माण होने जा रहा है। भांडुप से आने वाली मुख्य वाटरलाइन को भी यहां जोड़ दिया गया है। यह मॉडल न केवल देश के अन्य हिस्सों में, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनाया जा सकता है।" इन टंकियों तक पानी पहुंचाने के लिए भांडुप से लगभग 4 किलोमीटर लंबी एक खास पाइपलाइन बिछाई गई है।
आगामी बीएमसी (BMC) चुनावों पर बात करते हुए राम कदम काफी आत्मविश्वास में नजर आए। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व सही समय पर उम्मीदवारों का फैसला करेगा, लेकिन जमीनी स्तर पर नेता और कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर भाजपा का झंडा लहराएगा।