मुंबई

बैक करते समय कुएं में गिरी बोलेरो, 4 लोगों की मौत, महाराष्ट्र के जामखेड में बड़ा हादसा

Car fell into well : सड़क पर गिट्टी होने के कारण बोलेरो के चालक ने नियंत्रण खो दिया और बोलेरो गहरे कुएं में जा गिरी।
less than 1 minute read
Jan 16, 2025
Maharashtra accident

महाराष्ट्र (Maharashtra Accident News) के अहिल्यानगर में कार के गहरे कुएं में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। जामखेड तालुका के जांबवडी रोड पर यह दर्दनाक हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी बैक करते समय अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में चार लोगों की मौत हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, सड़क पर गिट्टी होने के कारण बोलेरो के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। शोर सुनकर ग्रामीण जुटे और चारों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

कैसे हुआ हादसा?

बोलेरो कार जांबवडी से जामखेड गांव की ओर आ रही थी, तभी सड़क पर बड़ी गिट्टी के ऊपर वाहन के चढ़ने से चालक ने नियंत्रण खो दिया। जिससे बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे कुएं में जा गिरी। इस घटना से सनसनी मच गई। मदद करने के लिए ग्रामीण तुरंत दौड़ पड़े। दुर्भाग्य से किसी को भी जीवित नहीं बचाया जा सका। पीड़ितों को एम्बुलेंस से ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया।  

इस दुर्घटना में अशोक विठ्ठल शेलके (उम्र 29), रामहरि गंगाधर शेलके (उम्र 35), किशोर मोहन पवार (उम्र 30) और चक्रपाणि सुनील बारस्कर (उम्र 25) की मौत हो गई है। सभी पीड़ित जामखेड तालुका के जांबवाडी के रहने वाले थे।

दुर्घटना की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर ली है। आगे की जांच जामखेड पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर महेश पाटिल कर रहे हैं। इस हादसे के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश की लहर है।

Updated on:
16 Jan 2025 01:27 am
Published on:
16 Jan 2025 01:27 am