
Chhatrapati Sambhajinagar Crime News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 50 लाख रुपये की लॉटरी लगने की झूठी खबर सुनाकर शख्स ने विवाहित महिला को नशीला पदार्थ मिला मिठाई खिला दी। इसके बाद महिला की बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस घटना के फोटो और वीडियो भी बना लिए। बाद में इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने और महिला के पति व बच्चों की हत्या करने की धमकी देकर वह उसके साथ बार-बार हैवानियत करता रहा। आखिरकार तंग आकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान मयूर (35) के रूप में हुई है। वह छत्रपति संभाजीनगर के सिडको इलाके का रहने वाला है। यह घटना 24 अगस्त से 25 अक्टूबर के बीच हुई। आरोपी मोटरसाइकिल से पीड़िता के घर पहुंचा था। उसने महिला को बताया कि उसे 50 लाख रुपये की बड़ी लॉटरी लगी है। इस खुशी में उसने महिला को पेड़ा खाने के लिए दिया। कथित तौर पर आरोपी ने पहले से ही पेड़े में नशीला पदार्थ मिला रखा था। पेड़ा खाते ही विवाहिता बेसुध हो गई। इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी मयूर ने कथित तौर पर इस वारदात के दौरान महिला के निजी फोटो और वीडियो भी बना लिए थे। इसके बाद वह इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करने लगा।
आरोपी ने पीड़िता को धमकाया कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया या उसका विरोध किया तो वह उसके पति और बच्चों की हत्या कर देगा। इन धमकियों के जरिए आरोपी महिला को डराता रहा और उसके साथ बार-बार कुकर्म करता रहा।
लगातार मिल रही धमकियों और उत्पीड़न से परेशान होकर आखिरकार महिला ने आरोपी का विरोध करने का फैसला किया। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने जबरन पीड़िता का स्कूटर ले लिया और फिलहाल फरार है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर छावनी पुलिस स्टेशन में आरोपी मयूर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।