मुंबई

समय रैना को सीएम फडणवीस ने किया सम्मानित, स्टैंडअप कॉमेडियन बोले- मेरा और महाराष्ट्र साइबर का रिश्ता बहुत पुराना

Samay Raina: महाराष्ट्र सरकार ने साइबर अपराधों, विशेष रूप से बढ़ते 'डिजिटल अरेस्ट' के मामलों पर लगाम लगाने के लिए बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। इससे जुड़े कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना भी शामिल हुए थे।
2 min read
Aug 27, 2026
Devendra Fadnavis felicitated Samay Raina
सीएम फडणवीस और समय रैना (Photo: viralbhayani/FB)

CM Devendra Fadnavis felicitate Samay Raina: महाराष्ट्र सरकार ने साइबर अपराधों, विशेष रूप से बढ़ते 'डिजिटल अरेस्ट' के मामलों पर लगाम लगाने के लिए बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों साइबर जागरूकता फिल्म 'ऑपरेशन 1930' के ट्रेलर और '1930 साइबर एंथम' का अनावरण किया गया। सीएम फडणवीस की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना सहित कई फिल्मी सितारे और कलाकार शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों समय रैना को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान मंच पर एक बेहद मजेदार वाकया हुआ, जिसने पूरे हॉल को ठहाकों से भर दिया।

बुधवार को मुंबई में हुए कार्यक्रम में समय रैना का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों सम्मान किया गया। इस दौरान जब समय रैना मुख्यमंत्री के पास पहुंचे तो उनकी नजर टेबल पर रखी बिस्कुट की प्लेट पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने फडणवीस से मजाकिया अंदाज में पूछा, "मैं एक बिस्किट ले सकता हूं?"

समय की इस बात को सुनकर सीएम फडणवीस ने भी मुस्कुराते हुए कहा, "हां, जरूर।" मुख्यमंत्री की अनुमति मिलते ही समय रैना ने सामने रखा एक बिस्किट उठाया और वहां से वापस चले गए। यह देखकर मुख्यमंत्री समेत वहां मौजूद सभी लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

महाराष्ट्र साइबर से पुराना रिश्ता- समय रैना

इस कार्यक्रम में समय रैना ने महाराष्ट्र साइबर सेल को लेकर अपने अनुभव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र साइबर सेल का उनसे रिश्ता बहुत पुराना है। महाराष्ट्र साइबर इतनी एक्टिव है कि आप चाहे भारत में हों या अमेरिका में, वे आपको ढूंढ ही लेंगे। समय ने कहा कि 1930 एक शानदार नंबर है और उन्होंने इसे सेव करके रखा है, क्योंकि उन्हें अक्सर इस नंबर से फोन आते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि आमतौर पर साइबर सेल से जुड़े कार्यक्रमों में किसी कॉमेडियन को सुबह-सुबह जगाकर सम्मानित करने का मौका कम ही मिलता है।

'डिजिटल अरेस्ट' से डरे नहीं, 1930 पर करें कॉल- फडणवीस

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साइबर अपराध के खिलाफ जनजागरूकता की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी पुलिस, CBI या जज का नाम लेकर लोगों को डराते और धमकाते हैं। डर के कारण लोग उनके जाल में फंस जाते हैं।

फडणवीस ने लोगों से अपील की कि 'डिजिटल अरेस्ट' जैसी किसी भी चाल का शिकार न बनें। अगर किसी तरह की साइबर धोखाधड़ी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने में कलाकार, अभिनेता और गायक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनकी लोकप्रियता के जरिए ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों के प्रति लोगों को आसानी से जागरूक किया जा सकता है।

कई बड़े कलाकार रहे मौजूद

'ऑपरेशन 1930' के ट्रेलर और '1930 साइबर एंथम' के अनावरण कार्यक्रम में राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर, महाराष्ट्र साइबर के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता शरद केलकर, जावेद जाफरी, आशिष विद्यार्थी, पंकज त्रिपाठी, सोनाली बेंद्रे, अभिषेक बनर्जी, मंगेश देसाई और गायिका सुनीधि चौहान समेत कई कलाकार और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Updated on:
27 Aug 2026 11:15 am
Published on:
27 Aug 2026 09:49 am