मुंबई

मुंबई में कब बहाल होगी CNG की सप्लाई? हजारों वाहन चालकों के लिए आई अच्छी खबर

CNG Supply Affected in Mumbai, Thane : मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में लगभग 398 सीएनजी पंप हैं। जिनमें से 152 मुंबई शहर में हैं।

2 min read
Nov 18, 2025
मुंबई में CNG की सप्लाई कब बहाल होगी? (Photo: Mahanagar Gas FB)

गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) की गैस पाइपलाइन फटने के कारण महानगर गैस लिमिटेड (MGL) से सीएनजी की आपूर्ति सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी बाधित रही। इससे मुंबई और उससे सटे जिलों में परिवहन तंत्र लगभग ठप पड़ गया। सड़कों से ऑटो, टैक्सी और अन्य सीएनजी वाहन धीरे-धीरे गायब हहो गए और कई इलाकों में गैस भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि अब यह समस्या दूर होने वाली है।

महा‍नगर गैस लिमिटेड (Mahanagar Gas) ने बताया कि मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में यह समस्या वडाला स्थित सीजीएस (CGS) में सप्लाई रुकने के कारण हुई, जिससे पूरा गैस पाइपलाइन नेटवर्क प्रभावित हो गया। इसका असर मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के ज्यादातर सीएनजी पंपों पर दिखाई दिया।

ये भी पढ़ें

महाराष्ट्र: ब्राह्मणों और राजपूतों के लिए नई योजना का ऐलान, भाजपा सरकार ने बढ़ाई विपक्ष की टेंशन

केंद्र सरकार की गेल लिमिटेड की सहायक कंपनी महानगर गैस लिमिटेड मुंबई महानगर क्षेत्र में 10 लाख से अधिक वाहनों को सीएनजी और 20 लाख से ज्यादा घरों को खाना पकाने के लिए पीएनजी उपलब्ध कराती है। इसके अलावा कई उद्योगों को भी पीएनजी की आपूर्ति यही कंपनी करती है। यह गैस सप्लाई वडाला स्थित महानगर गैस के सीजीएस केंद्र से होती है। लेकिन रविवार सुबह इस केंद्र तक गैस पहुंचाने वाली पाइपलाइन में खराबी आ गई, जिसके कारण मुंबई में सीएनजी की सप्लाई बाधित हो गई।

कब बहाल होगी CNG सप्लाई?

एमजीएल के अनुसार गैस आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है और आज नवंबर दोपहर तक पूरी तरह बहाल होने की उम्मीद है। कंपनी का कहना है कि फिलहाल शहर के करीब 60 फीसदी सीएनजी पंप काम कर रहे हैं।

MGL ने अपने बयान में बताया कि सीजीएस वडाला में खराबी ठीक होते ही सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी। साथ ही प्रभावित औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को तब तक वैकल्पिक ईंधन का उपयोग करने की सलाह दी गई है। राहत की बात यह है कि घरों में पाइप गैस (PNG) की सप्लाई बाधित नहीं हुई।

मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में लगभग 398 सीएनजी पंप हैं। जिनमें से 152 मुंबई शहर में हैं। गैस का दबाव कम होने के कारण कई पंपों को अपनी सेवाएं सीमित करनी पड़ीं या अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

राहत की बात यह है कि सीएनजी संकट का असर BEST बस सेवा पर नहीं पड़ा। बेस्ट की जनसंपर्क अधिकारी सुचेता उतले ने बताया कि सीएनजी सप्लाई में आई दिक्कत का बस संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। बेस्ट के बेड़े में लगभग 1,250 सीएनजी बसें हैं।

हालांकि सीएनजी सप्लाई मंगलवार दोपहर तक सामान्य होने की उम्मीद है, जिससे शहर की रफ्तार फिर पटरी पर लौटने की संभावना है।

Updated on:
18 Nov 2025 03:06 pm
Published on:
18 Nov 2025 02:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर