मुंबई

‘कांग्रेस का शाही परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार’, PM मोदी ने किया कटाक्ष, CJI के घर जाने पर कही ये बात

PM Modi on Congress : पीएम मोदी ने कहा कि देश की सबसे भ्रष्ट और बेईमान पार्टी कांग्रेस है। देश का सबसे भ्रष्ट परिवार कांग्रेस का शाही परिवार है।

2 min read
Sep 20, 2024
PM Modi Maharashtra rally

PM Modi in Maharashtra : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र का दौरा किया। पीएम मोदी ने अपनी यात्रा के दौरान ‘पीएम विश्वकर्मा’ योजना की पहली वर्षगांठ के अवसर पर वर्धा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस की जमकर आलोचना की और दावा किया कि कांग्रेस देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है।

‘कांग्रेस की है पिछड़ा विरोधी सोच’

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “अगर पिछली सरकारों ने विश्वकर्मा बंधुओं की चिंता की होती, तो इस समाज की कितनी बड़ी सेवा होती। लेकिन कांग्रेस और उसके दोस्तों ने एससी/एसटी/ओबीसी को जानबूझकर आगे नहीं बढ़ने दिया। कांग्रेस की पिछड़ा विरोधी सोच है। हमने सरकारी सिस्टम से कांग्रेस की इस दलित और पिछड़ा विरोधी सोच को खत्म किया है।“

सबसे भ्रष्ट और बेईमान पार्टी है कांग्रेस- PM

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार भी मौजूद थे. पीएम मोदी ने कहा, “आज जो कांग्रेस हम देख रहे हैं, ये वो कांग्रेस नहीं है जिससे कभी महात्मा गांधी जी जैसे महापुरुष जुड़े थे। आज की कांग्रेस में देशभक्ति की आत्मा दम तोड़ चुकी है। आज की कांग्रेस में नफरत का भूत दाखिल हो गया है। आज कांग्रेस के लोगों की भाषा, उनकी बोली, विदेशी धरती पर जाकर देश को तोड़ने की बात करना, भारतीय संस्कृति और आस्था का अपमान करना इनकी पहचान बन गया है। आज देश की सबसे भ्रष्ट और बेईमान पार्टी कांग्रेस है। देश का सबसे भ्रष्ट परिवार कांग्रेस का शाही परिवार है।“

चीफ जस्टिस के घर गणपति पूजा करने पर ये बोले PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “जिस पार्टी में हमारी आस्था और संस्कृति का जरा सा भी सम्मान होगा, वो पार्टी कभी गणपति पूजा का विरोध नहीं कर सकती। लेकिन आज की कांग्रेस को गणपति पूजा से भी नफरत है। मैं गणेश पूजन कार्यक्रम में चला गया, तो कांग्रेस का तुष्टिकरण का बहुत जाग उठा। कांग्रेस गणपति पूजा का विरोध करने लगी।“

उन्होंने कहा, “तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस कुछ भी कर रही है। कर्नाटक में तो कांग्रेस सरकार ने गणपति बप्पा को ही सलाखों के पीछे डाल दिया। गणपति की जिस मूर्ति की लोग पूजा कर रहे थे, उसे पुलिस वैन में कैद करवा दिया। पूरा देश गणपति के इस अपमान को देखकर आक्रोशित है। मैं हैरान हूं कि इसपर कांग्रेस के सहयोगियों के मुंह पर भी ताला लग गया है। उन पर भी कांग्रेस की संगत का ऐसा रंग चढ़ा है कि उनमें गणपति के अपमान का विरोध करने की हिम्मत नहीं बची है। हमें एकजुट होकर कांग्रेस के इन पापों का जवाब देना है।“

Published on:
20 Sept 2024 06:07 pm
Also Read
View All