
Maharashtra Education News (image- ChatGPT)
Maharashtra Class 6 Syllabus: महाराष्ट्र सरकार ने स्कूली शिक्षा के में एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने क्लास 6th के लिए नए सिलेबस को अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है। राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ने मंगलवार को बताया कि, यह नया सिलेबस इसी साल जून महीने से शुरू होने वाले नए सेशन से लागू कर दिया जाएगा। स्कूली शिक्षा आयुक्त की समन्वय समिति से मंजूरी मिलने के बाद अब बालभारती द्वारा नए सिलेबस के आधार पर नई किताबें तैयार की जा रही हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि इससे पहले महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड के तहत बनाई गई राज्य स्तरीय संचालन समिति ने दूसरी तीसरी और चौथी क्लास के नए सिलेबस को भी पास कर दिया था। अब इन तीनों कक्षाओं के साथ साथ छठी कक्षा का नया सिलेबस भी आगामी सेशन से स्कूलों में पढ़ाया जाएगा। यह अहम फैसला महाराष्ट्र प्राथमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय में शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे की अध्यक्षता में हुई एक विशेष बैठक में लिया गया।
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह नया पाठ्यक्रम पूरी तरह से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के नियमों और विजन पर तैयार किया गया है। इसमें बच्चों के सीखने की क्षमता और विषय के कठिनाई स्तर को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है ताकि उन पर पढ़ाई का बोझ न पड़े। स्कूली शिक्षा आयुक्त की समिति से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद 'बालभारती' की तरफ से नई किताबें छापी जाएंगी। सरकार की कोशिश है कि नया सत्र शुरू होने से पहले ही ये किताबें छात्रों के लिए उपलब्ध करा दी जाएं।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के निदेशक हेमंत वसेकर ने बताया कि, इस नए बदलाव को सही तरीके से लागू करने के लिए टीर्चस को भी खास ट्रेनिंग दी जाएगी। इसी महीने कक्षा 2 कक्षा 3 और कक्षा 4 के नए सिलेबस और किताबों को लेकर शिक्षकों के लिए राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे। इसके बाद स्टेट लेवल पर भी शिक्षकों को नई शिक्षा नीति और सिलेबस के मुताबिक पढ़ाने की ट्रेनिंग दी जाएगी।
Updated on:
06 May 2026 06:44 pm
Published on:
06 May 2026 06:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
