मुंबई

कांग्रेस में मुंबई की पांच लोस सीटों पर बनी सहमति

अंतिम मंजूरी के लिए दिल्ली भेजी जाएगी सूची
2 min read
Jan 15, 2019
Consensus on five Mumbai seats in Congress
Consensus on five Mumbai seats in Congress

एनसीपी की पूर्व निर्धारित उत्तर पूर्व सीट को लेकर कांग्रेसियों का पुरजोर विरोध

मुंबई. राज बब्बर, अजहरुद्दीन और नगमा के बाद अब कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी मुंबई से लोकसभा चुनाव लडऩे की इच्छा व्यक्त की है। खास बात यह है कि लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार तय करने के लिए सोमवार को आयोजित अहम बैठक में प्रियंका चतुर्वेदी मौजूद नहीं थीं। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि वे दिल्ली दरबार से ही अपने नाम की जोरदार पैरवी कर रही हैं। मुंबई में सोमवार को हुई कांग्रेस की हाई प्रोफाइल मीटिंग में मुंबई की पांच सीटों पर गहन चर्चा की गई, जिसमें सभी सीटें लगभग तय होने की सूचना हैै। मुंबई की कुल 6 सीटों में से पांच सीटें कांग्रेस के खाते में आई हैं। जबकि पहले से निर्धारित एनसीपी के खाते वाली ईशान्य मुंबई सीट को कांग्रेसी नेताओं ने अपने पाले में लेने को लेकर जमकर वकालत की। कई ने ईशान्य मुंबई सीट को एनसीपी को दिए जाने का विरोध भी प्रकट किया। मीटिंग में पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस की तैयारी

इस हाई प्रोफाइल मीटिंग में प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के चुनिंदा नामों पर चर्चा की गई और सभी उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए गए हैं। मुंबई की किसी भी सीट पर कोई विवाद न होने के चलते सभी नामों को अंतिम मंजूरी के लिए सूची दिल्ली भेजी गई है। महागठबंधन की अविलंब घोषणा करने के लिहाज से यह मीटिंग काफी अहम मानी जा रही है। वहीं अशोक चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों को लेकर जोरदार तैयारी शुरू कर दी है, जिसके चलते अब उम्मीदवारों के चयन में कोई दिक्कत नहीं आएगी।

राहुल के वफादार सहयोगी हैं देवड़ा

उल्लेखनीय है कि दक्षिण मध्य मुंबई से कांग्रेस नेता एकनाथ गायकवाड के नाम पर विचार किया जा रहा है। इन सभी नामों की सिफारिश राज्य समिति की ओर से केंद्र को भेजी जाएगी, जिसके अंतिम निर्णय दिल्ली से होगा। माना जाता है कि मिलिंद देवड़ा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के काफी नजदीकी हैं।

प्रिया दत्त की सीट से आया नगमा का नाम


सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण मुंबई लोस से मिलिंद देवड़ा, दक्षिण मध्य मुंबई एकनाथ गायकवाड़, उत्तर मध्य मुंबई से पूर्व सांसद प्रिय दत्ता की जगह अभिनेत्री नगमा का नाम सामने आया है। वहीं, उत्तर मुंबई लोस से कृपाशंकर सिंह और उत्तर पश्चिम मुंबई से संजय निरुपम के नाम पर सहमति बताई जा रही है। विदित हो कि शिवसेना के अरविंद सावंत वर्तमान में दक्षिण मुंबई से सांसद हैं। मिलिंद देवड़ा के पिता मुरली देवड़ा लंबे समय तक मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं, जिसके चलते मिलिंद देवड़ा के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का नाम उम्मीदवारी के लिए नहीं है।

प्रियंका दिल्ली से कर रहीं पैरवी

&मुंबई की लोकसभा सीटों को लेकर उम्मीवारों ने जमकर अपनी पैरवी की। इस पर निर्णय लेने के बाद सूची को दिल्ली भेजा जाएगा। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी मुंबई से चुनाव लडऩे की प्रबल दावेदारी के लिए दिल्ली दरबार से ही पैरवी करने में जुटी हैं।
पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र

Published on:
15 Jan 2019 11:10 pm