मुंबई

शादी की सालगिरह पर घूमने गए, डिनर किया, वीडियो बनाया और… पति-पत्नी की मौत से सहमे लोग

Maharashtra News : पुलिस मृतक दंपति के रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। इस घटना से इलाके में दुख का माहौल है।

2 min read
Jan 07, 2025
Feature image

महाराष्ट्र के नागपुर (Nagpur News) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नागपुर के जरीपटका पुलिस स्टेशन अंतर्गत आने वाले मार्टिन नगर में एक दंपति ने अपनी शादी की सालगिरह पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पिछले चार-पांच साल से पति-पत्नी दोनों बेरोजगार थे और उन्हें कोई संतान नहीं थी, इससे वह निराश थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से दोनों ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या से पहले दोनों ने एक वीडियो भी बनाया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक पति जरिल उर्फ ​​टोनी ऑस्कर मोनक्रिप (54) चार साल पहले एक होटल में शेफ था। वह ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं था। जबकि पत्नी ऐनी मोनक्रिप (45) गृहिणी थीं। उनकी शादी को 26 साल हो गए थे। लेकिन फिर भी उन दोनों की कोई संतान नहीं थी। बेरोजगारी और संतानहीनता के कारण पति-पत्नी दोनों तनाव में थे।

अपने सालगिरह के मौके पर सोमवार रात दोनों घूमने गए थे। दोनों ने बाहर ही खाना खाया और घर लौट आये। पति-पत्नी ने सोमवार रात में अपने रिश्तेदारों से फोन पर बात की और उन्हें सब कुछ ठीक होने की बात कही।

फिर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे पत्नी ऐनी ने एक वीडियो बनाकर रिश्तेदारों और परिचितों से अनुरोध किया कि वे उनके रिश्तेदार की शादी को न टालें। इसके बाद दोनों ने घर की छत पर रस्सी से झूलकर आत्महत्या कर ली। दोनों ने अपने अंतिम समय में शादी के कपड़े पहने थे।

अगले दिन सुबह 10 बजे के बाद भी जब घर में कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोस में रहने वाली एक महिला उनके घर गई। हालांकि, काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो महिला ने खिड़की से अंदर देखा तो पति-पत्नी फंदे से लटके हुए थे।

इसके बाद उसने तुरंत पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।  

Published on:
07 Jan 2025 11:44 pm