Famous Dahi Handi in Mumbai Thane : दही हांडी उत्सव में गोविंदा कई थर मानव पिरामिड बनाते हैं और हवा में लटकी दही हांडी को तोड़ते हैं। मुंबई-ठाणे में तो बड़े आयोजनों में गोविंदाओं के लिए लाखों रुपयों का इनाम रखा जाता है।
Dahi Handi 2025 In Mumbai, Thane: मुंबई, ठाणे समेत देश के कई हिस्सों में शनिवार 16 अगस्त को दही-हांडी उत्सव (Mumbai Dahi Handi Celebration) बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। भाद्रपद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन यानी नवमी को यह पर्व पारंपरिक रूप से मनाया जाता है। इस दिन दही से भरी हांडी को रस्सी के सहारे ऊंचाई पर बांधा जाता है, जिसे तोड़ने के लिए ‘गोविंदाओं’ की टोली मानव पिरामिड बनाकर जोर-आजमाइश करते हैं। उत्सव के दौरान मुंबई में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं और शहर भर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
मुंबई और ठाणे में भगवान श्री कृष्ण की बाल लीला से प्रेरित दही हांडी उत्सव की बड़ी धूम है। दिन निकलने के साथ ही गली मोहल्लों में ‘गोविंदा आला रे आला’ की गूंज सुनाई देने लगेगी। गोविदाओं की टोली दही हांडी यानि मटकी फोड़ने के लिए विभिन्न जगहों पर जाएगी।
दही हांडी उत्सव में हर साल की तरह इस बार भी राजनीतिक दलों के नेता बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। बीजेपी, शिवसेना, शिवसेना उबाठा, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) समेत अन्य दलों के नेताओं व संगठनों ने जन्माष्टमी के मौके पर मुंबई, ठाणे में लाखों के इनाम वाले ‘दही हांडी’ कार्यक्रम आयोजित किए है। यह इनाम मानव पिरामिड (थर) की उंचाई के आधार पर दिए जाएंगे।
1) ठाणे – संस्कृति प्रतिष्ठान
आयोजक- मंत्री प्रताप सरनाईक
स्थान – ठाणे महानगर पालिका स्कूल ग्राउंड, वर्तक नगर, ठाणे
‘संस्कृतिची हंडी’ में 25 लाख के इनाम की घोषणा की गई है। इस साल भी पहले नौ थर लगाने वाली गोविंदा टोली को 11 लाख का पुरस्कार दिया जाएगा।
2) ठाणे- मनसे दही हांडी उत्सव
आयोजक – MNS नेता अविनाश जाधव
स्थान – भगवती मैदान, नौपाडा, ठाणे
3) ठाणे – दिघे साहेबांची हंडी (शिवसेना) मानाची हांडी
मार्गदर्शक – मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
स्थान- टेंभी नाका, ठाणे
4) राम कदम दही हांडी
मुंबई के घाटकोपर में बीजेपी नेता राम कदम (Ram Kadam) ने एक बार फिर भारत की सबसे बड़ी दही हांडी लगाने का दावा किया है। हालांकि इसके इनाम की राशि का खुलासा नहीं हुआ है।
स्थान- घाटकोपर में श्रेयस सिग्नल के पास
5) मुंबई के वर्ली में जांबोरी मैदान में बीजेपी नेता के परिवर्तन इंडिया फाउंडेशन की तरफ से परिवर्तन दहीहंडी महोत्सव 2025 में लाखों रुपयों का इनाम रखा गया हैं। इसमें सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत कई बड़े नेता और अभिनेता शिरकत करने वाले है।
6) साई जलाराम प्रतिष्ठान की दही हांडी
ठाणे नगर निगम के पूर्व विपक्षी नेता देवराम भोईर के मार्गदर्शन में बालकूम जकात नाका स्थित साईं जलाराम प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित दही हांडी उत्सव में लाखों के पुरस्कार दिए जाएंगे।
7) बांद्रा में शिवसेना उद्धव गुट के नेता अनिल परब भी बड़ी दही हांडी कार्यक्रम का आयोजन कर रहे है। जिसका नाम ‘बांद्रा की मानाची हंडी’ है, जो मुंबई उपनगरीय जिला अधिकारी कार्यालय के पास, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर उद्यान के सामने, बांद्रा (पूर्व) में दोपहर 4 बजे से शुरू होगी।
8) विक्रोली मनसे और शिवसेना भी लाखों रुपये के इनाम वाली दही हांडी का आयोजन करेगी।
9) बोरीवली में मागाठाणे में शिवसेना नेता प्रकाश सुर्वे की दही हांडी में लाखों रुपये का इनाम दिया जाएगा, इसमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई बड़े नेता व मशहूर हस्तियों की एंट्री देखने को मिलेगी।
10) वर्ली में हनुमान मैदान, वीर जिजामातानगर में शिवसेना उद्धव गुट की दही हांडी उत्सव आयोजित होगी।
गौरतलब हो कि दही हांडी उत्सव में दही से भरी मटकी हवा में लटक रही होती है और गोविंदाओं की टोली मानव पिरामिड बनाकर उसे तोड़ते है। मटकी (दही से भरे मिट्टी के बर्तन) फोड़ने आये लोगों को ‘गोविंदा’ कहा जाता है। बीएमसी ने एहतियातन अपने सभी प्रमुख अस्पतालों में गोविदाओं के लिए बेड अरक्षित रखे हैं। घायल गोविदाओं का इलाज मुफ्त में किया जाएगा।
मुंबई में यह उत्सव खासा लोकप्रिय है और हजारों गोविंदा पथक (Govinda Pathak) इसमें भाग लेते हैं। राज्य सरकार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गोविंदा पथकों के लिए बीमा योजना की घोषणा भी की है। लेकिन उत्सव के आगाज से पहले ही इस हादसे ने शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
महाराष्ट्र सरकार ने दही हांडी उत्सव में भाग लेने वाले 1.5 लाख ‘गोविंदाओं’ के लिए विशेष बीमा योजना लागू की है। इसके तहत दही हांडी प्रदर्शन के दौरान मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। बीमा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। इस बीमा कवर में छह श्रेणियों की दुर्घटनाएं शामिल हैं। मृत्यु या पूरी तरह स्थायी दिव्यांगता (जैसे दोनों आंखों या दो अंगों का नुकसान) पर 10 लाख रुपये मिलेंगे। एक आंख, एक हाथ या एक पैर खोने पर 5 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा, जबकि चोट लगने पर एक लाख रुपये तक का चिकित्सा खर्च वहन किया जाएगा।