मुंबई

दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चला BMC का बुलडोजर, 87 साल पुरानी इमारत गिराने की क्या है वजह?

Dawood Ibrahim Ancestral House: मुंबई के भिंडी बाजार में दाऊद इब्राहिम के परिवार से जुड़ी 87 साल पुरानी मुसाफिरखाना इमारत को BMC ने गिराना शुरू कर दिया है। जानिए क्या है कार्रवाई की वजह और 24 घंटे के नोटिस पर क्यों उठे सवाल।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 10:04 AM IST
BMC Demolition
दाऊद इब्राहिम के परिवार से जुड़ी 87 साल पुरानी मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की कार्रवाई करती BMC की टीम। (फोटो सोर्स-IANS)

BMC Demolition: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के परिवार से जुड़ी मुंबई की 87 साल पुरानी इमारत पर आखिरकार BMC ने बुलडोजर चला दिया। भिंडी बाजार इलाके में स्थित 'हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना' को गिराने का काम गुरुवार सुबह शुरू हुआ। कभी इस इमारत में दाऊद इब्राहिम का परिवार रहा करता था। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

BMC ने इस इमारत को गिराने के लिए 18 और 19 नवंबर की तारीख तय की थी, लेकिन बुधवार को कार्रवाई शुरू नहीं हो पाई। इसके बाद गुरुवार सुबह निगम की टीम मौके पर पहुंची और तोड़फोड़ शुरू कर दी। दक्षिण जोन-1 के DCP मनीष कलवानिया के मुताबिक, BMC के इंजीनियरिंग विभाग सहित दूसरे विभागों की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है।

1939 में बनी थी इमारत, 36 कमरे थे

इस इमारत का इतिहास करीब 87 साल पुराना है। साल 1939 में बनी दो मंजिला इमारत में कुल 36 कमरे हैं। शुरुआत में इसका इस्तेमाल हज पर जाने वाले यात्रियों के ठहरने के लिए किया जाता था। बाद में यहां दूसरे लोग भी रहने लगे। दाऊद इब्राहिम का परिवार भी इसी इमारत में रह चुका है।

समय के साथ इमारत की हालत खराब होती गई। BMC ने इसे C-1 श्रेणी में रखा था। इस श्रेणी में ऐसी इमारतें आती हैं, जिन्हें बेहद खतरनाक माना जाता है और जिन्हें खाली कराकर गिराने की जरूरत होती है।

सड़क चौड़ी करने के लिए भी जरूरी था हटाना

इमारत को गिराने के पीछे एक बड़ी वजह सड़क का काम भी है। सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) ने BMC को पत्र लिखकर इमारत की खराब हालत की जानकारी दी थी। ट्रस्ट ने इसे खाली कराकर गिराने की मांग की थी।

यह इमारत ट्रस्ट के क्लस्टर पुनर्विकास प्रोजेक्ट के सेक्टर-8 में आती है। इसका कुछ हिस्सा प्रस्तावित सड़क के रास्ते में पड़ रहा है। ऐसे में सेकंड कूपर स्ट्रीट को चौड़ा करने और अंदरूनी सड़क बनाने के काम में भी यह बाधा बन रही थी।

24 घंटे के नोटिस पर लोगों ने उठाए सवाल

दूसरी तरफ, इमारत गिराने की कार्रवाई को लेकर विवाद भी है। कुछ स्थानीय लोगों और ट्रस्ट से जुड़े लोगों का आरोप है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इमारत गिराने पर रोक लगा रखी है। उनका कहना है कि BMC ने केवल 24 घंटे का नोटिस देकर कार्रवाई शुरू कर दी, जबकि ऐसी कार्रवाई के लिए 15 दिन का समय दिया जाना चाहिए था। लोगों का आरोप है कि इतने कम समय में उन्हें अदालत जाने का मौका भी नहीं मिला।

वहीं, BMC ने अपने नोटिस में अगस्त 2020 के बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया है। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में इमारत को गिराने का काम जारी है।

Updated on:
19 Nov 2026, 10:04 AM IST
Published on: