मुंबई

Accident: दिल्ली में हिट-एंड-रन मामले में 2 बाइक सवारों की मौत; नवी मुंबई में ब्रेक फेल होने पर बस ने कई वाहनों को रौंदा

Delhi hit-and-run: दिल्ली में इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, नवी मुंबई में ब्रेक फेल होने से एसटी बस ने तीन कारों और एक ऑटो को टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोग घायल हुए।
2 min read
• •
Sep 28, 2026
ST Bus Accident maharashtra
नवी मुंबई में ब्रेक फेल होने पर बेकाबू एसटी बस ने कई वाहनों को रौंदा (Photo: ANI)

Navi Mumbai ST Bus Accident: दिल्ली और महाराष्ट्र के नवी मुंबई में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। दिल्ली में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि नवी मुंबई में ब्रेक फेल होने के बाद एक एसटी बस ने तीन कारों और एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं।

दिल्ली में बाइक सवार दो युवकों की मौत

दिल्ली के मध्य इलाके में इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास शनिवार तड़के हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उनकी मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन ने कथित तौर पर टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान मोहित कुमार (22) और शुभम शर्मा (23) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले थे और नोएडा में रहकर एक निर्माण कंपनी में काम करते थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों किसी काम से सोनीपत गए थे और वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एमजी रोड पर सालिमगढ़ फ्लाईओवर के नीचे, इंदिरा गांधी स्टेडियम के गेट नंबर 16 के पास यह हादसा हुआ।

सड़क पर घायल मिले दोनों युवक

पुलिस को हादसे की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी। आईपी एस्टेट थाने की टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवक सड़क पर बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तत्काल लोकनायक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे वाली जगह से पुलिस को मोटरसाइकिल भी मिली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आई थी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई है। बाइक को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

CCTV फुटेज से वाहन की तलाश

मामले में आईपी एस्टेट थाने में तेज और लापरवाही से वाहन चलाने तथा लापरवाही के कारण मौत से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन की पहचान की जा सके।

दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है।

नवी मुंबई में ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुई ST बस

दूसरी ओर, महाराष्ट्र के नवी मुंबई में भी सड़क हादसा हुआ। बेलापुर इलाके में मुंबई जा रही एक एसटी बस के ब्रेक कथित तौर पर फेल हो गए। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर तीन कारों और एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई।

बेलापुर पुलिस निरीक्षक लखन रासकर के अनुसार, एसटी बस शाम करीब 4 बजे डिपो से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। बस में उस समय 10 यात्री सवार थे। मुंबई-बेलापुर पुल के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद चालक का बस से नियंत्रित हट गया।

ऑटो चालक और यात्री समेत 5 लोग घायल

ब्रेक फेल होने के बाद बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो रिक्शा चालक और उसमें सवार यात्री को चोटें आई हैं। कुल पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। एसटी बस चालक और बस में सवार 10 यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।

दोनों हादसों में पुलिस की जांच जारी है। दिल्ली पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है, जबकि नवी मुंबई में ब्रेक फेल होने के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Updated on:
28 Sept 2026 10:54 am
Published on:
28 Sept 2026 10:33 am