
Dia Mirza Diwali Appeal: दिवाली पर पटाखे जलाने और बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर अभिनेत्री दीया मिर्जा की अपील पर शुरू हुई बहस एक बार फिर चर्चा में है। AIMIM की पार्षद सहर यूनुस शेख ने दीया मिर्जा का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी अपील बिल्कुल सही थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदूषण का असर हर किसी की सेहत पर पड़ता है तो फिर इसे धर्म और त्योहार से क्यों जोड़ दिया गया?
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान सहर यूनुस शेख ने कहा कि दीया मिर्जा ने दिवाली पर लोगों से जो अपील की थी, वह काफी समझदारी भरी थी। लेकिन कुछ लोगों ने उनकी बात का मतलब समझने के बजाय उसे धार्मिक नजरिए से देखना शुरू कर दिया। अभिनेत्री से कहा गया कि वे लोगों को यह न बताएं कि त्योहार कैसे मनाना चाहिए।
सहर यूनुस शेख ने कहा कि साफ हवा का मुद्दा किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं है। प्रदूषण से निकलने वाली जहरीली हवा हर किसी के फेफड़ों में जाती है। इससे न कोई धर्म बच सकता है और न ही कोई समुदाय।
उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा की अपील को गंभीरता से लिया जाता तो हवा की गुणवत्ता बेहतर रखने में मदद मिल सकती थी। लेकिन उनकी बात को गलत तरीके से समझा गया और एक ऐसे मुद्दे को धर्म से जोड़ दिया गया, जिसका सीधा संबंध लोगों की सेहत से है।
AIMIM पार्षद ने हवा की खराब होती गुणवत्ता पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के आंकड़े देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हालात कितने गंभीर हैं। लोगों को ठीक से सांस लेने में परेशानी हो रही है। ऐसे में प्रदूषण को लेकर की गई अपील को विवाद का मुद्दा बनाने के बजाय उस पर ध्यान देना चाहिए था।
सहर यूनुस शेख ने कहा कि दीया मिर्जा की बात किसी के त्योहार या धार्मिक परंपरा के खिलाफ नहीं थी। उनकी अपील का मकसद साफ हवा और लोगों की सेहत को लेकर जागरूक करना था।
दरअसल, दिवाली पर पटाखे जलाने और उनसे होने वाले प्रदूषण को लेकर हर साल बहस होती है। इस बार भी दीया मिर्जा की अपील के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें समर्थन और विरोध, दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं मिलीं। अब सहर यूनुस शेख के बयान ने इस बहस को फिर से चर्चा में ला दिया है।