मुंबई

दिशा सालियान के पिता ने सौंपा 500 करोड़ का नोटिस, बोले- मातोश्री में ऐसा क्या खास, कौन है आदित्य ठाकरे?

Disha Salian Case: मातोश्री पहुंचे दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने 500 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस दिया। मातोश्री के बाहर ही आदित्य ठाकरे के वकील ने नोटिस स्वीकार कर उसकी रसीद दी।
2 min read
Sep 19, 2026
Disha Salian
आदित्य ठाकरे-दिशा सालियान। फाइल फोटो- पत्रिका

Aaditya Thackeray: दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस दिया। नोटिस देने के लिए सतीश सालियान अपने वकील निलेश ओझा के साथ मातोश्री पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद आदित्य ठाकरे के वकील ने बाहर ही नोटिस स्वीकार कर उसकी रसीद दी। सतीश सालियान ने कहा कि मातोश्री में ऐसा क्या खास है। क्या यह भगवान की जगह है? उन्होंने कहा कि जो पाप करते हैं, वे नर्क जाते हैं।

गंभीर आरोप लगाए

उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि मातोश्री जाने के लिए किस तरह की हिम्मत की जरूरत है। आदित्य ठाकरे से मिलने के सवाल पर सतीश सालियान ने कहा कि आदित्य ठाकरे कौन है? किसी को उनसे क्यों मिलना चाहिए? उन्होंने दिशा सालियान से जुड़े मामले को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान वे भावुक भी हो गए थे। सतीश सालियान के वकील निलेश ओझा ने बताया कि नोटिस देने के लिए वे मातोश्री पहुंचे थे। वहां मौजूद आदित्य ठाकरे के वकील ने नोटिस आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया। उन्होंने नोटिस पर मुहर लगाई और उसकी प्राप्ति रसीद दी।

मुंबई पुलिस को दिया धन्यवाद

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुंबई पुलिस को धन्यवाद दिया। वकील ने बताया कि नोटिस की प्राप्ति की प्रति भी साझा की गई है। वहीं सतीश सालियान के वकील निलेश ओझा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उन्हें पहले धमकी दी गई थी कि उन्हें वकालत नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इसी का जवाब देने के लिए वे मातोश्री पहुंचे और कानूनी नोटिस वहीं जाकर सौंपा।

'जितने गुंडे बुलाने हैं, बुला लीजिए'

निलेश ओझा ने कहा कि हमें कहा गया था कि हमें प्रैक्टिस नहीं करने देंगे। इसलिए हम यहां यह दिखाने आए हैं कि हम आपके घर तक आकर कानूनी नोटिस दे सकते हैं। जितने गुंडे बुलाने हैं, बुला लीजिए, देखते हैं क्या करते हैं। उन्होंने कहा कि आदित्य ठाकरे की ओर से उन पर राजनीतिक प्रेरित होने का आरोप लगाया गया था, लेकिन अदालत इस दलील को पहले ही खारिज कर चुकी है।

'प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा'

ओझा ने कहा कि हमने नोटिस में साफ लिखा है कि अदालत ने उनके इस तर्क को खारिज कर दिया है और हमारी याचिका स्वीकार की है। हमारा किसी भी राजनीतिक दल या राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। अब नोटिस तामील हो चुका है, इसलिए उन्हें इसका जवाब देना होगा। सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे के खिलाफ 500 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजते हुए आरोप लगाया है कि उनके और उनके परिवार के खिलाफ राजनीतिक मंशा से बयान दिए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

'किसी का डर नहीं'

वहीं इससे पहले दिशा के पिता सतीश सालियान ने शनिवार को कहा कि शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे को मानहानि का नोटिस देने के लिए 'मातोश्री' जाने से पहले उन्हें किसी का डर नहीं है। बता दें कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक बहुमंजिला इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
19 Sept 2026 07:15 pm
Published on:
19 Sept 2026 06:34 pm