मुंबई

मुंबई: सायन अस्पताल में नशे में धुत मरीज और तीमारदारों ने महिला डॉक्टर को पीटा   

Mumbai News : यह घटना कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ भयावह बलात्कार-हत्या पर बढ़ते आक्रोश के बीच सामने आई है। जिसने पूरे देश को हिला कर रख दिया है।

2 min read
Aug 18, 2024

Sion Hospital female doctor attack: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के रेप-हत्या के विरोध में रविवार को देशभर में डॉक्टरों ने 24 घंटे की हड़ताल की। इस बीच, मुंबई के बड़े सरकारी अस्पताल में चौंकाने वाली घटना घटी है। मुंबई के सायन अस्पताल में एक मरीज और उसके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट की। डॉक्टरों ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह हुई। मरीज समेत सभी आरोपी नशे में थे।

रेजिडेंट डॉक्टरों ने कहा कि यह घटना रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे मुंबई नगर निगम (BMC) के सायन अस्पताल में हुई। आरोपियों ने वार्ड में ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर से मारपीट की।

बताया जा रहा है कि आरोपी मरीज के चेहरे पर चोट लगी थी। उसे लेकर कुछ लोग सायन अस्पताल इलाज करवाने आये थे। जब मरीज का इलाज किया जा रहा था, तो उसने और उसके रिश्तेदारों ने महिला डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार किया और धमकी दी।

शिकायत के मुताबिक, मरीज के साथ नशे में धुत 5-6 लोगों के समूह ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट की। इस दौरान खुद को बचाने की कोशिश में महिला डॉक्टर घायल हो गईं। इसके बाद मरीज और उसके परिजन मौके से भाग गये।

बीएमसी MARD के प्रमुख डॉ. अक्षय मोरे ने बताया कि यह घटना आज सुबह 3:30 बजे की है। एक मरीज और उसके कुछ रिश्तेदार नशे की हालत में सायन अस्पताल पहुंचे और महिला रेजिडेंट डॉक्टर से झगड़ा करने लगे। यह बहुत चिंता की बात है कि ऐसी घटना मुंबई में हो रही है।

सायन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, सायन अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था बीएमसी MARD के डॉक्टर भी पुलिस स्टेशन पहुंचे है। उन्होंने कहा कि हमारे डॉक्टरों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। इस स्थिति पर तत्काल ध्यान देने और सभी अस्पतालों में सख्त सुरक्षा उपायों को लागू करने की आवश्यकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
18 Aug 2024 12:16 pm
Published on:
18 Aug 2024 12:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर