मुंबई

महाराष्ट्र के पूर्व DGP संजय पांडे की मुश्किलें बढ़ीं, जबरन वसूली का मामला दर्ज

Sanjay Pandey : ठाणे पुलिस ने महाराष्ट्र के पूर्व डीजीपी संजय पांडे सहित 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

2 min read
Aug 27, 2024

Sanjay Pandey Extortion Case : महाराष्ट्र के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय पांडे समेत 7 लोगों के खिलाफ जबरन वसूली और अनियमितता के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। ठाणे शहर पुलिस ने सोमवार को कथित अनियमितताओं और जबरन वसूली की शिकायत मिलने के बाद पूर्व डीजीपी संजय पांडे व छह अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जानकारी के मुताबिक, मुंबई के व्यवसायी संजय पुनमिया (Sanjay Punamiya) ने यह शिकायत दर्ज कराई है। पुनमिया ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें आरोपियों ने मई 2021 और 30 जून 2024 के बीच परेशान किया। बता दें कि संजय पांडे मुंबई पुलिस के कमिश्नर भी रह चुके हैं।

इस मामले में आरोपियों में पूर्व पुलिस प्रमुख पांडे के साथ रिटायर्ड एसीपी सरदार पाटिल, पीआई मनोहर पाटिल, वकील शकर जगताप, श्यामसुंदर अग्रवाल, सुभम अग्रवाल और शरद अग्रवाल शामिल हैं। फ़िलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुनामिया ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने ठाणे नगर पुलिस में दर्ज 2016 के केस को गैरकानूनी तरीके से फिर से खोल दिया और उन्हें व अन्य व्यापारियों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। इस तरह से उनसे पैसे की उगाही की। इसके लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार किए गए।

ठाणे पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 166 (ए), 170, 120 बी, 193 के साथ ही जालसाजी, जबरन वसूली और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

संजय पांडे को CBI कर चुकी है गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पूर्व पुलिस महानिदेशक संजय पांडे ने हाल ही में आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह मुंबई के वर्सोवा निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।

मुंबई पुलिस के कमिश्नर रह चुके पांडे को कथित फोन टैपिंग मामले में सितंबर 2022 में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। बाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी।

Updated on:
27 Aug 2024 08:11 pm
Published on:
27 Aug 2024 07:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर