Maharashtra News: आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बना रखी थी। वह खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिलाओं से संपर्क करता, उनका विश्वास जीतता और फिर अपराध को अंजाम देता।
महाराष्ट्र के पुणे जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए भोली-भाली महिलाओं को झांसे में लेकर अपने जाल में फंसाता था। वह खुद को पुलिस अधिकारी बताकर उनका भरोसा जीतता, फिर प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करता और उनके पैसे व आभूषण लेकर फरार हो जाता था। पुणे के कई थानों में उसके खिलाफ मामले दर्ज थे। हालांकि भिगवण पुलिस ने आरोपी गणेश शिवाजी कारंडे को फिल्मी अंदाज में अकलूज से गिरफ्तार कर लिया है। कारंडे सोलापुर जिले के मालशिरस तालुका के श्रीपुर का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है।
आरोपी गणेश कारंडे ने सोशल मीडिया पर संग्राम पाटिल और पृथ्वीराज पाटिल के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाए थे। वह खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिलाओं से संपर्क करता और उनका विश्वास जीतता। फिर वह उन्हें आर्थिक मदद या नौकरी दिलाने का झांसा देता। वह पीड़िताओं को शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था और मौका मिलने पर उनके गहने, नकदी लूट लेता।
हाल ही में उसने फेसबुक के माध्यम से एक महिला से पहचान की। आरोपी ने उसे कहा कि वह उसके ब्यूटी पार्लर के लिए बैंक से 6 लाख रुपये का लोन दिला सकता है, लेकिन इसके लिए उसे उसकी पत्नी की बहन के नाम से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने होंगे। इसी बहाने उसने शिकायतकर्ता महिला को मदानवाडी के एक लॉज में बुलाया। उसने लोन फॉर्म में जानकारी भरने के बहाने शिकायतकर्ता के शरीर पर तिल और निशान दिखाने के लिए मजबूर किया। इस दौरान उसने पीड़िता को धमकाकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और उसकी पर्स में रखे सोने के गहने, 6 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन चुरा लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गणेश कारंडे पर पहले से ही अकलूज, मंगलवेढा, पंढरपूर और लोणंद पुलिस थानों में महिलाओं से धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण के कई मामले दर्ज हैं। वह बार-बार अपना नाम और पहचान बदलकर महिलाओं को फंसाता था।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को अकलूज से दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसकी ठगी और ब्लैकमेलिंग के जाल में कितनी और महिलाएं फंसी हैं। फिलहाल पुणे पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।