Thane News : पुलिस ने 'बर्थडे बॉय' की हत्या में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
मुंबई के करीब उल्हासनगर शहर (Ulhasnagar News) में एक चौंकाने वाली घटना घटी है, जहां जन्मदिन की पार्टी में शराब को लेकर बहस होने पर दोस्तों ने 'बर्थडे बॉय' की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि तीन दोस्तों ने मिलकर 23 वर्षीय लड़के को चौथी मंजिल से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ठाणे जिले के उल्हासनगर के चिंचपाडा में हुई इस घटना के संबंध में विट्ठलवाड़ी पुलिस ने पहले आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। लेकिन जांच के बाद युवक की मौत की गुत्थी सुलझ गई और पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। साथ ही मृतक के तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक मृत युवक का नाम कार्तिक वायाल है। पुलिस ने नीलेश क्षीरसागर, सागर काले और धीरज यादव को गिरफ्तार किया हैं। कार्तिक का 27 जून को जन्मदिन था। लेकिन उसी रात अचानक उसकी मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी। वह एक इमारत परिसर में मृत पाया गया।
आरोपियों ने दावा किया था कि पार्टी के दौरान शराब को लेकर विवाद हो गया था। इसी बहस में कार्तिक ने नीलेश के सिर पर शराब की बोतल मार दी थी। इससे नीलेश जख्मी हो गया और हम उसे लेकर अस्पताल गए थे। लेकिन जब हम वापस आये तो कार्तिक को इमारत के नीचे गिरा हुआ देखा।
कार्तिक उल्हासनगर के चिंचपाड इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था। 27 जून को उसका जन्मदिन था। इसलिए उसने नीलेश, सागर और धीरज को पार्टी के लिए बुलाया था। एक जगह पहले सेलिब्रेशन के बाद वह आर्या अपार्टमेंट में रहने वाले नीलेश के फ्लैट में चले गए। कथित तौर पर सभी दोस्त जब शराब के नशे में थे तो शराब कम होने को लेकर उनमें बहस हो गई। तभी कार्तिक ने नीलेश के सिर पर शराब की बोतल मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद तीनों आरोपी कार्तिक पर टूट पड़े और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसे चौथी मंजिल की खिड़की से नीचे फेंक दिया। कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में विट्ठलवाड़ी पुलिस ने शुरुआत में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। लेकिन गहन जांच की तो पता चला कि कार्तिक की हत्या उसके दोस्तों ने ही की है। तीनों ने गुनाह कबूल कर लिया है।