Chhatrapati Sambhajinagar Hotel Fire : फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।
महाराष्ट्र (Maharashtra Fire) के छत्रपती संभाजीनगर (Chhatrapati Sambhajinagar Hotel Fire) से एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर के धुले-सोलापुर महामार्ग पर स्थित होटल ग्रैंड सरोवर में गुरुवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। यह होटल स्थानीय शिवसेना विधायक प्रदीप जैसवाल का बताया जा रहा है। आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात सात बजे के करीब आग लगने के समय होटल में कुछ ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे। हालांकि, समय पर सभी सुरक्षित बाहर निकल आये। कुछ ही देर में होटल की छह मंजिलें आग की चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल, घटनास्थल पर कूलिंग का काम जारी है। आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अभी तक आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच कर रही हैं। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
बताया जा रहा है कि धुले-सोलापुर महामार्ग के करोडी टोल के पास स्थित ग्रैंड सरोवर होटल छत्रपती संभाजीनगर के विधायक प्रदीप जैसवाल का है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।