पुलिस ने बताया कि आग में 40 लाख रुपये के पटाखे जलने का अनुमान है। मामले की जांच जारी है।
Solapur Firecracker FactoryFire : महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के बार्शी तालुका में शुक्रवार को एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में बारूद रखे होने की वजह से एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल गया। सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। दरअसल इस पटाखा फैक्ट्री में करीब 15 महिलाएं काम करती हैं। लेकिन आज वट पूर्णिमा के कारण सभी महिलाओं ने छुट्टी ली थी। अगर वो महिलाएं फैक्ट्री में होतीं तो बड़ा अनर्थ हो सकता था।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे बार्शी तालुका के घारी गांव में मौजूद वेलकम फायरवर्क्स (Welcome Fireworks) पटाखा फैक्ट्री में हुई। यह पटाखा फैक्ट्री युनुस मुलानी की बताई जा रही है। फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगी। आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास रहने वाले ग्रामीण थर्रा उठे। फैक्ट्री आग में तबाह हो गई।
वेलकम फायरवर्क्स में करीब 15 महिला मजदूर काम करती हैं। लेकिन शुक्रवार को वटपूर्णिमा होने की वजह से सभी महिलाओं ने व्रत-पूजा के लिए छुट्टी लिया था। इसलिए आज कोई भी महिला काम पर नहीं गयी थी। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
गनीमत यह रही कि पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन फैक्ट्री मालिक को भारी नुकसान हुआ है। पांगरी पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर 40 लाख रुपये के पटाखे जलने का अनुमान हैं। पांगरी पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और आगे की कार्रवाई जारी है। हालांकि अभी तक आग लगने के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।