मुंबई

50 लाख की रिश्वत लेते हुए पांच कस्टम अधिकारियों को सीबीआई ने किया ​गिरफ्तार

मंगलवार को सीबीआई की गाज मुबंई के कस्टम विभाग पर गिरी....
2 min read
• •
Updated: 1 May 2018, 8:41 PM IST
cbi
cbi

(मुबंई): मंगलवार को सीबीआई की गाज मुबंई के कस्टम विभाग पर गिरी। सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कस्टम विभाग के पांच अधिकारियों को रिश्वत लेने के मामले में हिरासत में लिया। एक कंसाइनमेंट पास करने के एवज में आरोपियों ने 50 लाख रूपए की मांग की थी। सीबीआई ने जाल बिछाकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।

कस्टम अधिकारियों के रिश्वत लेने के मामले में संलिप्तता होने की सूचना मिलते ही सीबीआई ने तुरंत कार्रवाई की।सीबीआई ने कस्टम विभाग के डिप्टी कमिश्नर मुकेश मीणा, डिप्टी कमिश्नर राजीव कुमार सिंह, डिप्टी कमिश्नर सुदर्शन मीणा, डिप्टी कमिश्नर संदीप यादव, सुपरीटेंडेंट मनीष सिंह और एक अन्य शख्स नीलेश सिंह को रिश्वत के मामले में आज धर दबोचा। आरोप है कि इन अधिकारियों ने एक कंसाइनमेंट पास करने के एवज में 50 लाख रुपये की घूस मांगी थी। सीबीआई ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

यूं आए पकड़ में

गौरतलब है कि सीबीआई ने एक गुप्त शिकायत के आधार पर एक जाल बिछाया और दो डिप्टी कमिश्नर, एक अन्य शख्स को 5 लाख की पहली किश्त लेते हुए गिरफ्तार किया। दो अन्य डिप्टी कमिश्नर और सुपरीटेंडेंट का रोल जांच के दौरान सामने आया। मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई सभी आरोपियों के आवासों और कार्यालयों पर भी छापे मार रही है। सभी को मुबंई की स्पेशल कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।

गुवाहाटी में आयकर विभाग के कमिश्नर को पकड़ा सीबीआई ने

इससे पहले सीबीआई ने शुक्रवार को गुवाहाटी में कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग में कार्यरत कमिश्नर को 50 लाख रूपए की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था। मिली जानकारी के अनुसार कमिश्नर ने एक व्यवसायी को शेल कंपनी के मामले में राहत देने के लिए उससे 50 लाख रूपए रिश्वत मांगी। यह रकम कमिश्नर तक पहुंचाने के लिए एक मीडिएटर का सहारा लिया गया था। सीबीआई ने मीडिएटर को पकड़ा था जिसके पास से रिश्वत की राशि बरामद हुई।

Published on: