मुंबई

महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में नक्सलियों के ठिकाने से हथियार और विस्फोटक बरामद, पुलिस ने मौके पर किया नष्ट

Gadchiroli Naxal News: गढ़चिरौली के कोपरशी जंगल में एंटी-माओवादी अभियान के दौरान पुलिस ने नक्सलियों के ठिकाने से रॉकेट लॉन्चर, राइफल, डेटोनेटर, केबल वायर, मैगजीन और वॉकी-टॉकी समेत बड़ी मात्रा में हथियार व विस्फोटक सामग्री बरामद की। बरामद खतरनाक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
Gadchiroli Naxal News
गढ़चिरौली में नक्सलियों के ठिकाने से हथियार और विस्फोटक बरामद, फोटो सोर्स- ANI

Maharashtra Naxal News: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने विशेष एंटी-माओवादी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा कथित तौर पर छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान का बड़ा जखीरा बरामद किया है। यह कार्रवाई भामरागढ़ उपमंडल के कोपरशी जंगल क्षेत्र में की गई।

पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर को खुफिया सूचना मिलने के बाद गढ़चिरौली के भामरागढ़ उपमंडल के कोपरशी जंगल क्षेत्र में विशेष एंटी-माओवादी अभियान शुरू किया गया था। बता दें कि सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने घने जंगल और सुनसान इलाके का फायदा उठाते हुए सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के इरादे से बड़ी मात्रा में विस्फोटक, हथियार और अन्य जरूरी सामान छिपाकर रखा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल ऑपरेशंस स्क्वॉड और बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीमों को इलाके में भेजा गया। जवानों ने जंगल के संदिग्ध हिस्सों में सावधानीपूर्वक और व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीमों ने छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री का पता लगाया और पूरे इलाके को सुरक्षित करते हुए बरामद विस्फोटक व अन्य खतरनाक सामान को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत नष्ट किया।

जंगल में चलाया गया सघन तलाशी अभियान

अभियान के दौरान स्पेशल ऑपरेशंस स्क्वॉड और बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) के जवानों ने कोपरशी जंगल क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस को हथियारों और विस्फोटक सामग्री का जखीरा मिला। पुलिस ने मौके से 3 रॉकेट लॉन्चर, 2 सिंगल-शॉट राइफल, 2 12-बोर राइफल और 12-बोर के 3 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा तलाशी में 10 डेटोनेटर, 150 मीटर केबल वायर, 9 मैगजीन, 10 कुकर, 5 वॉकी-टॉकी और 12 वॉकी-टॉकी चार्जर समेत अन्य माओवादी सामग्री भी मिली।

सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विस्फोटक नष्ट

वहीं, इस पूरे मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि बरामद विस्फोटक और अन्य खतरनाक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए छिपाकर रखी गई सामग्री को निष्क्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से इलाके में तलाशी और नक्सल विरोधी अभियान जारी है।

Updated on:
07 Oct 2026 12:51 pm
Published on:
07 Oct 2026 12:51 pm