Gadchiroli Naxal Free : हाल ही में प्रमुख माओवादी नेता गिरिधर और उनकी पत्नी ने आत्मसमर्पण किया था। सरकार ने 3 साल में नक्सलवाद को खत्म करने का लक्ष्य रखा है।
महाराष्ट्र सरकार ने तीन साल में गढ़चिरौली जिले से नक्सलवाद (Gadchiroli Maoist News) को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि गढ़चिरौली का उत्तरी भाग पूरी तरह से नक्सल मुक्त हो गया है। पिछले वर्ष सुरक्षाबलो के साथ मुठभेड़ में 33 माओवादी मारे गए और 55 माओवादी गिरफ्तार किए गए। इस दौरान 33 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। गढ़चिरौली के 1500 युवा पुलिस बल में शामिल हुए हैं, जिनमें से 150 नक्सलियों के परिवारों से हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष द्वारा पेश प्रस्ताव पर बहस का जवाब देते हुए शनिवार को फडणवीस ने कहा कि तीन वर्षों में गढ़चिरौली शहर भारत की ‘स्टील सिटी’ बन जाएगी। तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे गढ़चिरौली जिले का उत्तरी भाग नक्सलियों से मुक्त हो गया है और विकास के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में गढ़चिरौली से नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। मुंबई से लगभग 900 किमी दूर स्थित गढ़चिरौली को भारत का ‘स्टील सिटी’ बनाने के लिए क्षमता निर्माण का काम जोरों पर है। गोंदिया और गढ़चिरौली को मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे के माध्यम से जोड़ा जा रहा है।
फडणवीस ने कहा कि 2022 से जब महाविकास आघाडी (MVA) सरकार गिर गई और बीजेपी नीत ‘महायुति’ गठबंधन ने राज्य की कमान संभाली, विदर्भ क्षेत्र में 47 परियोजनाएं शुरू हुईं और 1.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश आए। उन्होंने गढ़चिरौली को देश का अगला स्टील सिटी ऑफ इंडिया बताते हुए कहा कि यहां स्टील सेक्टर में 50,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। महाराष्ट्र की कुल स्टील उत्पादन क्षमता का 30% गढ़चिरौली में होगा और यह बढ़ते ही जाएगा।