देशभर में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है। हर कोई अपने घर में गणपति बप्पा का स्वागत बड़े ही धूमधाम से कर रहा है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर घर-घर में विघ्नहर्ता गजानन का आगमन हो चुका है। महाराष्ट्र में इस उत्सव को काफी बड़े स्तर पर मनाया जाता है। वहीं, 'लालबाग का राजा' में अयोध्या का राम मंदिर और 'मुंबई के राजा' में काशी के विश्वनाथ मंदिर का पंडाल बनाया गया है।
महाराष्ट्र समेत पुरे देश में आज से गणेशोत्सव की धूमधाम से शुरुआत हो गई है। आज भगवान गणेश का आगमन हो गया है। मुंबई में भी ‘लालबाग का राजा‘ सहित बड़े-बड़े सार्वजनिक गणेशोत्वस समितियों के पांडालों में बड़ी तादाद में बप्पा की एक झलक पाने के लिए गणेश भक्तों की भीड़ लगनी शुरु हो गया हैं। सुबह से ही मुंबई के लालबाग के राजा के दर्शन के लिए भक्तों की 10 किलोमीटर तक लाइन लगी हुई है। वहीं, दादर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में भी फूलों की आकर्षक तरीके से सजावट की गई है और यहां भी सुबह से ही भक्तों का भीड़ उमड़ी है।
चलिए जानते हैं मुंबई के कुछ प्रसिद्ध सार्वजनिक गणेश मंडल के बारे में जिनकी हर साल काफी चर्चा होती है और जो वहा मन्नतें पूरी करने वाले गणपति माने जाते हैं। इनमें एक है गणेश गली के ‘मुंबई का राजा’ के गणपति है। इस साल मुंबई का राजा गणपति मंडल ने वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृति तैयार करवाई है। इस बार मुंबई के राजा भगवान विश्वकर्मा के रूप में पधारे हैं। इस साल मुंबई के राजा की मूर्ति 22 फुट ऊंची है। यह भी पढ़ें: Ganesh Chaturthi 2022: मुंबई के 'अंधेरीचा राजा' का दर्शन के लिए होगा ड्रेस कोड, अगर ये कपड़े पहना तो नहीं मिलेगी एंट्री
लालबाग का राजा: बता दें कि मुंबई के मशहूर ‘लालबाग का राजा’ में इस बार मशहूर बॉलीवुड आर्ट डायरेक्टर नितिन चंद्रकांत देसाई ने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को साकार किया है। लालबाग के राजा का यह 89वां साल है। लालबाग के राजा के दर्शन के लिए बड़ी-बड़ी हस्तियां आती हैं। अगले महीने 5 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी खास तौर से लालबाग के राजा के दर्शन के लिए मुंबई आ रहे हैं।
चिंतामणि और खेतवाड़ी के महाराजा: चिंचपोकली के चिंतामणि गणपति की भी पपूरे देश में प्रसिद्ध है। यहां से भक्त खाली हाथ कभी नहीं लौटता है। यहां बप्पा के आगमन के दो महीने पहले से ही तैयारी शुरू हो जाती है। इसी प्रकार इस साल मुंबई के महाराजा के तौर पर मशहूर खेतवाड़ी की गणेश मूर्ति 38 फुट की है। खेतवाड़ी का गणेशोत्सव मंडल अपनी ऊंची मूर्तियों के लिए ही मशहूर है। इस बार इस मूर्ति के सामने गुरुकुल की झांकी तैयार की गई है।
जीएसबी और तेजुकाय मेन्शन के गणपति: बता दें कि माटुंगा के जीएसबी गणेश मंडल के गणपति सबसे वैभवशाली और महंगे गणपति में से एक हैं। इस साल यहां गणेश मंडल ने न्यू इंडिया इंश्योरेंस से 316.40 करोड़ रुपए का बीमा कवर करवाया है। यहां मूर्ति और इसके आस-पास की साज सज्जा में 70 किलो सोना और 327 किलो चांदी का उपयोग किया गया है। वहीं तेजुकाय मेन्शन गणपति के दर्शन के लिए भक्तों की बड़ी भीड़ उमड़ती है। तेजुकाय गणपति बाप्पा की मूर्ति बेहद खूबसूरत और आकर्षक बनाई जाती है। इसलिए हर साल यहां बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ती है।