Ganesh Chaturthi 2023: गणेश उत्सव को देखते हुए मुंबई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए है। किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गयी है।
Mumbai Traffic Advisory for Ganeshotsav 2023: मुंबई का सबसे प्रतीक्षित त्योहार गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi 2023) यानि गणेशोत्सव का आगाज आज से धूमधाम के साथ हो गया है। जगह-जगह गणपति बप्पा के पंडालों को खूबसूरत फूलों और लाइटों से सजाया गया है। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकलकर पंडाल में जाकर भगवान गणपति के दर्शन कर रहे हैं। इस बीच, मुंबई पुलिस भी सतर्क हो गयी है और शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर बनाये हुए है।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, गणेश उत्सव को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम (Ganeshotsav Celebration) किये गए है। किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गयी है। मुंबई में 13,750 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया हैं। यह भी पढ़े-लालबाग के राजा से लेकर GSB गणपति तक, जानें मुंबई के प्रसिद्ध बप्पा के दर्शन का समय और लाइव स्ट्रीमिंग
बड़े अधिकारी तैनात
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 11,726 कांस्टेबल, सब-इंस्पेक्टर से लेकर असिस्टेंट कमिश्नर स्तर तक के 2,024 अधिकारी और 15 डिप्टी कमिश्नर गणेशोत्सव के बंदोबस्त में तैनात हैं।
मुंबई में सुबह-सुबह ही कई प्रसिद्ध गणेश पंडालों में मूर्तियां स्थापित की गयीं। इसमें शहर की सबसे प्रसिद्ध लालबागचा राजा भी शामिल हैं। जबकि कई पंडालों ने बप्पा की मूर्तियों को ढोल-तासों और 'गणपति बप्पा मोरया' (Ganpati Bappa Morya) की गूंज के साथ पंडालों में लेकर आये। फिर भगवान श्रीगणेश की पूजा करने के बाद भक्तों को दर्शन के लिए पंडाल में आने दिया गया।
मुंबई में 2729 सार्वजनिक गणेश पंडाल
मुंबई में कुल 2,729 सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को पंडाल बनाकर सार्वजनिक रूप से गणेश उत्सव आयोजित करने की अनुमति दी गई है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) भी पूरी तरह से मुस्तैद है। बता दें कि गणेश उत्सव मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी, सिधुदुर्ग और रायगढ़ जिले में हर साल बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता हैं। कोंकण रेलवे ने त्योहार की भीड़ के चलते कई विशेष ट्रेनें चलायी है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिसमें महानगर में वाहनों के सुचारू यातायात के लिए कई कदम उठाये गए हैं। साथ ही कुछ दिन तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध भी लगाया गया है। अधिकारिक बयान के मुताबिक, दक्षिण मुंबई में 21, 24, 26 और 29 सितंबर को निजी बसों और भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। दक्षिण मुंबई में 21, 24, 26 और 29 सितंबर को छोड़कर 19 से 29 सितंबर के बीच, सभी प्रकार के भारी वाहनों को आधी रात से सुबह सात बजे के बीच संचालन की अनुमति है।
वहीँ, दक्षिण मुंबई को छोड़कर 20, 23 और 25 सितंबर को सभी प्रकार के भारी वाहनों और निजी बसों के प्रवेश और सड़कों पर चलने पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। लेकिन यह प्रतिबंध आवश्यक सेवा से जुड़े वाहनों पर लागू नहीं होगा। जबकि विसर्जन के दिन सड़कों पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी और कई रास्ते पूरी तरह बंद रहेंगे।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी-