Gautami Patil Dandiya Night Event Cancel: गणेशोत्सव के दौरान भी राज्य में कई जगहों पर गौतमी पाटील के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई थी। सोशल मीडिया पर अब इसकी चर्चा जोरो पर है।
Lavani Dancer Gautami Patil: महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावनी डांसर व अभिनेत्री गौतमी पाटील की मुसीबत बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ महीनों में गौतमी ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हालांकि वह जितनी लोकप्रिय हैं, उतना ही विवादों ने भी उन्हें घेर रखा है।
हाल के दिनों में पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए लावनी डांसर के कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस वजह से गौतमी पाटील के शो रद्द हो रहे है। जिससे आयोजकों के साथ-साथ गौतमी को भी झटका लगा है। यह भी पढ़े-Gautami Patil: लावनी डांसर गौतमी पाटील के खिलाफ एक और FIR, जानें क्या है मामला
महाराष्ट्र में जिस जिले, गांव में गौतमी पाटील का कार्यक्रम हुआ है, वहां किसी न किसी बात पर विवाद हुआ ही है। कुछ दिन पहले कोल्हापुर में गौतमी के डांस कार्यक्रम के आयोजन पर विवाद हुआ था। कुछ दिन पहले ही विरोध के चलते कोंकण के सिंधुदुर्ग में गौतमी का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था। इसके बाद सोलापुर में भी विवाद शुरू हो गया है।
खबर है कि सोलापुर पुलिस ने गौतमी के कार्यक्रम को इजाजत देने से इनकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को गौतमी के कार्यक्रम के दौरान उपद्रव और बवाल होने की आशंका है। सूत्रों के मुताबिक, गौतमी सोलापुर में एक डिस्को डांडिया कार्यक्रम में शामिल होने वाली थीं। लेकिन पुलिस द्वारा उस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गयी। यह कार्यक्रम 19 अक्टूबर को विजापुर नाका इलाके में शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक होने वाला था। लेकिन पुलिस को कानून-व्यवस्था का डर सता रहा है।
दरअसल पुलिस फोर्स पर नवरात्रि के दौरान बंदोबस्त का काफी दबाव होता है। ऐसे में गौतमी के कार्यक्रम में भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी संख्या में पुलिसकर्मियों की जरुरत पड़ती। जो कि त्योहार के समय में कठिन है। इसलिए पुलिस ने कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार कर दिया। मालूम हो कि गणेशोत्सव के दौरान भी राज्य में कई जगहों पर गौतमी पाटील के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई थी। सोशल मीडिया पर अब इसकी चर्चा जोरो पर है।