मुंबई

Vande Bharat: रेल यात्रियों की बल्ले-बल्ले! इस रूट पर शुरू होने वाली है 4 नई वंदे भारत ट्रेनें

New Vande Bharat Trains from Maharashtra: नई वंदे भारत ट्रेनों के शुरु होने से न केवल सफर सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
2 min read
Jul 16, 2025
vande bharat train
फोटो- पत्रिका

महाराष्ट्र के पुणे शहर के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय रेलवे जल्द ही पुणे से चार नई वंदे भारत ट्रेनें शुरू करने जा रहा है, जिससे शहर की हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। इन नई ट्रेनों से न सिर्फ यात्रियों का सफर तेज और आरामदायक होगा, बल्कि समय की भी बड़ी बचत होगी। इन ट्रेनों की शुरुआत से न केवल सफर सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक, पुणे से शुरू होने वाली ये चार वंदे भारत ट्रेनें शेगाव, वडोदरा, सिकंदराबाद और बेलगावी के लिए चलाई जाएंगी। धार्मिक, व्यापारिक और तकनीकी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण इन रूटों पर वंदे भारत सेवा से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। हालांकि रेलवे ने अभी तक इन वंदे भारत ट्रेनों के शुरू होने की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन जल्द ही इसकी घोषणा होने की उम्मीद है।

पुणे-शेगाव वंदे भारत ट्रेन धार्मिक यात्रियों के लिए खास फायदेमंद साबित होगी। यह ट्रेन दौंड, अहिल्यानगर, छत्रपती संभाजीनगर और जालना जैसे स्टेशनों पर रुक सकती है। पुणे से बड़ी संख्या में श्रद्धालु संत गजानन महाराज के दर्शन के लिए शेगाव जाते हैं, ऐसे में यह ट्रेन उनका सफर तेज और सुविधाजनक बना देगी।

वहीं पुणे-वडोदरा वंदे भारत ट्रेन से महाराष्ट्र और गुजरात के बीच की दूरी और समय दोनों में कमी आएगी। वर्तमान में यह सफर 9 घंटे का होता है, जिसे यह ट्रेन 6 से 7 घंटों में पूरा कर सकेगी। लोनावला, पनवेल, वापी और सूरत जैसे प्रमुख स्टॉपेज पर इसके रुकने की संभावना है। इससे खासकर व्यापारियों और नौकरीपेशा यात्रियों को इस रूट पर बड़ा फायदा होगा।

पुणे-सिकंदराबाद वंदे भारत ट्रेन से भी बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी। इस ट्रेन के जरिए दौंड, सोलापुर और गुलबर्गा होते हुए सिकंदराबाद तक का सफर अब 2 से 3 घंटे कम समय में पूरा किया जा सकेगा। यह ट्रेन विशेषकर व्यावसायिक और आईटी क्षेत्र से जुड़े यात्रियों के लिए लाभकारी मानी जा रही है। महाराष्ट्र और तेलंगाना के बीच कनेक्टिविटी पहले से अधिक मजबूत हो जाएगी।

पुणे से बेलगाव के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन सातारा, सांगली और मिरज जैसे स्टेशनों पर रुक सकती है। इससे कर्नाटक के उत्तरी क्षेत्रों और पुणे के बीच का संपर्क पहले से कहीं अधिक सुलभ और तेज़ हो जाएगा। इस मार्ग पर भी यात्रियों का 2 से 3 घंटे का समय बचने की उम्मीद है।

खबर है कि रेलवे पुणे और नागपुर के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन चलाने की योजना भी बना रहा है। इससे महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे और उपराजधानी नागपुर के बीच व्यापार, शिक्षा और पर्यटन क्षेत्र को काफी बढ़ावा मिलेगा।

Published on:
16 Jul 2025 06:21 pm