मुंबई

वापस लिया गया मुंबई बंद का आह्वान,पर यूं रहा आज का घटनाक्रम जिससे हुआ बड़ा नुकसान…

इससे पहले बुधवार को मुंबई और ठाणे समेत आसपास के कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन किए गए...
2 min read
• •
Updated: 25 Jul 2018, 6:08 PM IST
Feature image

(पत्रिका ब्यूरो, मुंबई): मराठा समुदाय के लिए नौकरियों एवं शिक्षा में आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलनरत मराठा क्रांति मोर्चा ने बुधवार को अपरांह मुंबई बंद का आह्वान वापस ले लिया। देश की आर्थिक राजधानी में बंद का आह्वान वापस लेने से पूर्व राज्य के कई हिस्सों में हिंसात्मक घटनाएं देखने को मिली।


एकता दिखाने में हम रहे सफल

मोर्चा के नेता वीरेन्द्र पवार ने कहा कि हम यह साबित करने में सफल रहे कि हम एकजुट हैं। हम कभी नहीं चाहते थे कि आंदोलन हिंसक हो और इसीलिए मुंबई में बंद वापस ले रहे हैं। यह साबित कर दिया कि बंद के आयोजन के लिए किसी राजनीतिक दल के सहयोग की जरुरत नहीं है।


सीएम पर लगाए यह आरोप

मोर्चा ने मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस से माफी की मांग को लेकर बंद का आह्वान किया था। मोर्चा का आरोप था कि फडनवीस ने आरोप लगाया था कि मराठा समुदाय के कुछ लोगों की सोलापुर जिले के पंढरपुर कस्बे में हिंसा की योजना थी। फडनवीस ने मराठा संगठन के व्यवधान की आशंका में सोमवार को असाढी एकादशी पर मंदिर में पूजा का कार्यक्रम रद्द कर दिया था।

कुछ यूं रहा प्रदर्शन का घटनाक्रम

इससे पहले बुधवार को मुंबई और ठाणे समेत आसपास के कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन किए गए। ठाणे में सुबह से ही सरकारी बसों को निशाना बनाया गया। कल्याण में एक बस समेत शहर में बीएसईटी की कुल 9 बसों में तोडफ़ोड़ की गई। मानखुर्द में एक बस को उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। सायन-पनवेल हाइवे पर भी एक वाहन को आग लगी दी गई। यहां से आंदोलनकारियों को हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। इससे पहले बोरिवली में पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। ठाणे में प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकने की कोशिश की। जोगेश्वरी और घणसोली स्टेशनों पर भी यातायात बाधित करने की कोशिश की गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया, तब यातायात शुरू किया जा सका। मुंबई में मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही कई जगहों पर जबरन दुकानें बंद करवाने की कोशिश की।
दिन घर की घटनाएं...

- मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे बंद में पुलिसवालों पर पत्थरबाजी की गई।
- कलंबोली में आंदोलनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी की।
- सायन पनवेल में वाहन में आग लगने के बाद से आंदोलन उग्र हुआ।
- भांडुप के कई दुकानदारों से मारपीट की गई, जिसमें दो लोग घायल।
- उग्र आंदोलन से वाशी के समीप वाहनों का आना-जाना बंद रखा गया।
- कल्याण स्टेशन के बाहर बसों में तोडफ़ोड़।
- आंदोलनकारियों ने कई जगह टायर में आग लगाकर प्रदर्शन।
- प्रदर्शनकारियों ने मुंबई में ऑटो और कार वालों से लड़ाई भी की।
- ठाणे में मार्केट बंद कराने के लिए प्रदर्शनकारियों को उग्र होना पड़ा।
- मुंबई की सड़कों पर भीड़ कम दिखाई दी, जबकि लोकल ट्रेनों में रोजाना जैसी ही भीड़ रही।

Published on: