New Vande Bharat Train: प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पुणे और नांदेड शहरों के बीच चलेगी।
Pune Nanded Vande Bharat Express : रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। नांदेड से चलने वाली दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जल्द ही शुरू होने वाली है। रेलवे विभाग के अनुसार, इस परियोजना का काम अंतिम चरण में है। नई वंदे भारत एक्सप्रेस पुणे और नांदेड शहर के बीच चलेगी, जो इस साल के अंत में या अगले साल जनवरी तक शुरू हो सकती है।
फिलहाल नांदेड से पुणे तक लगभग 550 किलोमीटर की दूरी तय करने में 10 से 12 घंटे लगते हैं। लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यह सफर सिर्फ 7 घंटे में पूरा हो सकेगा। वर्तमान में पुणे और नांदेड के बीच कुछ ही ट्रेनें चलती है। जबकि नांदेड़ से अभी एकमात्र वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलती है, जो मुंबई के सीएसएमटी स्टेशन जाती है। यह ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलती है और लगभग 608 किलोमीटर की दूरी तय करती है।
ये भी पढ़ें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुणे-नांदेड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के प्रमुख ठहराव नांदेड, लातूर, धाराशिव, कुर्डुवाड़ी, दौंड और पुणे जंक्शन स्टेशन होंगे। यह रूट छात्रों और व्यापारियों के लिए बेहद अहम है। फिलहाल सीमित रेल सेवाओं के कारण अधिकांश लोगों को सड़क मार्ग से सफर करना पड़ता है, जो लंबा और थकाऊ होता है।
पुणे-नांदेड वंदे भारत सेवा शुरू होने पर मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र के बीच संपर्क और अधिक सुविधाजनक और तेज हो जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुणे-नांदेड वंदे भारत के एसी चेयर कार का किराया लगभग 1500 से 1900 रुपये के बीच हो सकता है और यह ट्रेन सप्ताह में पांच से छह दिन चलाई जा सकती है। रेलवे द्वारा जल्द ही किराये और समय सारिणी की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी तेज रफ्तार, आरामदायक सफर और आधुनिक सुविधाओं के लिए जानी जाती है। अब जब यह ट्रेन नांदेड़ और पुणे मार्ग पर दौड़ेगी, तो यह न केवल यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि रोजगार, शिक्षा और पर्यटन को भी नई गति देगी।