E-water Taxi: ई-वॉटर टैक्सी की शुरुआत के साथ मुंबई (Mumbai) से नवी मुंबई (Navi Mumbai) तक का सफर अब और भी आसान और तेज हो जाएगा। गेटवे से जेएनपीए तक की दूरी अब घंटों में नहीं बल्कि कुछ ही मिनटों में पूरी की जा सकेगी।
Gateway to JNPA E-Water Taxi: मुंबईवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। देश की पहली ई-वॉटर टैक्सी सेवा (India's First Water Taxi) जल्द ही शुरू होने जा रही है। गेटवे ऑफ इंडिया से जेएनपीए (जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी) तक का यह सफर अब केवल 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। ई-वॉटर टैक्सी सेवा 22 सितंबर से शुरू होगी। इसके शुरू होने के साथ ही मुंबई और नवी मुंबई के बीच यात्रा अब और भी आसान और तेज हो जाएगी।
अभी तक इस मार्ग पर लकड़ी की नावों से यात्रा की जाती है, जिसमें एक घंटे से ज्यादा समय लगता है। लेकिन ई-वॉटर टैक्सी के जरिए यह दूरी लगभग आधे समय में पूरी होगी। खास बात यह है कि यह वॉटर टैक्सी पर्यावरण के अनुकूल होगी। इसमें से एक टैक्सी सौर ऊर्जा से और दूसरी बिजली से चलेगी। दोनों टैक्सियों की क्षमता 20 यात्रियों की होगी। किराया भी बहुत ही किफायती रखा गया है, गेटवे से जेएनपीए तक का सफर केवल 100 रुपये में तय किया जा सकेगा।
ई-वॉटर टैक्सी का निर्माण भारत में ही हुआ है और इसे पर्यावरण के लिहाज से भी बेहतर विकल्प माना जा रहा है। मुंबई की सड़क और रेल परिवहन व्यवस्था पर लगातार बढ़ते दबाव के बीच यह सेवा आम यात्रियों के लिए राहत साबित हो सकती है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस परियोजना को लेकर काफी उत्सुक हैं। भविष्य में गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफंटा और अलीबाग तक भी इस तरह की सेवाएं शुरू करने की योजना है। ई-वॉटर टैक्सी का शुभारंभ न केवल मुंबईकरों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि यह शहर के आधुनिक और हरित परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।