मुंबई

महाराष्ट्र में 1000000 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर का काम जारी, 1.5 करोड़ नौकरियां देने का लक्ष्य- CM शिंदे

Maharashtra News : सीएम शिंदे ने कहा, पिछले दो साल में 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश समझौते हुए हैं। प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में महाराष्ट्र देश में प्रथम स्थान पर हैं।

2 min read
Aug 15, 2024

महाराष्ट्र में गुरुवार को 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। मुंबई स्थित मंत्रालय में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम शिंदे ने कहा, राज्य सरकार राज्य के समग्र विकास और नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों, खेत मजदूरों, महिलाओं, विद्यार्थियों समेत सभी वर्गों के विकास के लिए विभिन्न योजनायें चल रही हैं।

'विकसित भारत में होगा महाराष्ट्र का बड़ा योगदान'

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र को विकसित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू की गई नीतियों का प्रभावी कार्यान्वयन जारी है। इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो साल में राज्य सरकार ने बेहतरीन काम किया है। विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाकर दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इसमें महाराष्ट्र की बड़ी हिस्सेदारी होने वाली है। उन्होंने बताया कि राज्य उस दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने राज्य में निवेशकों, उद्यमियों, आम नागरिकों के बीच विश्वास पैदा करने का काम किया है।

1.5 करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा, हमने राज्य में 1.5 करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा है। राज्य की लॉजिस्टिक्स नीति की घोषणा की गई है। इससे राज्य सरकार को अगले पांच साल में 30 हजार करोड़ का राजस्व मिलेगा। निवेशकों का विश्वास बढ़ने से राज्य में निवेश की गति बढ़ी है।

उन्होंने आगे कहा, “पिछले दो वर्ष में पांच लाख करोड़ रुपये के सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप 2.5 लाख नौकरियां सृजित होंगी... भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के मामले में महाराष्ट्र पहले स्थान पर है।”

उद्योग-सेवा क्षेत्र में महाराष्ट्र नंबर वन

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की कुल आय में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 14 फीसदी है। महाराष्ट्र उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में नंबर वन है। महाराष्ट्र विदेशी पर्यटकों की भी पसंद है।

10 लाख करोड़ का इंफ्रास्ट्रक्चर वर्क

सीएम शिंदे ने जोर देकर कहा कि राज्य में करीब 10 लाख करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचे के काम चल रहे हैं। राज्य में जमीनी स्तर पर लोगों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भेदभाव किए बिना सर्वांगीण विकास का प्रयास कर रही है।

Updated on:
15 Aug 2024 06:41 pm
Published on:
15 Aug 2024 06:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर