मुंबई

Mumbai: कल्याण में घाटकोपर जैसा हादसा! भरभरा कर गिरा विशालकाय होर्डिंग, 2 घायल, वीडियो आया सामने

Kalyan Hoarding Collapse Video: मुंबई के घाटकोपर इलाके में 13 मई को विशाल होर्डिंग तेज हवा और बारिश के दौरान गिर गया था। इस हादसे में 17 लोगों की जान गई थी।

2 min read
Aug 02, 2024

Kalyan hoarding collapse : मुंबई के करीब ठाणे जिले के कल्याण शहर में शुक्रवार को भारी बारिश के बीच एक विशालकाय होर्डिंग गिरने से हड़कंप मचा गया। कल्याण के सहजानंद चौक पर लगी होर्डिंग आज सुबह 10 बजकर 18 मिनट पर अचानक गिर गई। सौभाग्य से घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि इस हादसे में दो लोगों के घायल होने और तीन वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है।

सहजानंद चौक कल्याण शहर का एक व्यस्त चौराहा है। होर्डिंग गिरने से भीषण जाम लग गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. अब सड़क पर से होर्डिंग का मलबा हटा दिया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

कल्याण के सहजानंद चौक पर बारिश और तेज हवा के दौरान 20 बाय 15 फूट की होर्डिंग गिरने से हादसा हो गया। इसके बाद इस जगह पर भीषण जाम लग गया। कल्याण पश्चिम में सहजानंद चौक काफी भीड़भाड़ वाला और ट्रैफिक वाला इलाका है। हादसे वाली जगह पर सड़क के एक तरफ दुकानें हैं और दूसरी तरफ एक अस्पताल है। दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह दुर्घटना कल्याण डोंबिवली नगर निगम मुख्यालय के करीब पर हुई। होर्डिंग गिरने के बाद कुछ देर के लिए इलाके में यातायात अवरुद्ध हो गया। बताया जा रहा है कि 20x15 फीट के होर्डिंग को लकड़ी के ढाँचे पर बनाया गया था। गनीमत रही कि जिस समय होर्डिंग गिरा, उसके नीचे से वाहनों का आवागमन कम था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घाटकोपर होर्डिंग हादसे में 17 की मौत-

मुंबई में मई महीने में तूफानी बारिश के दौरान घाटकोपर इलाके में विशाल होर्डिंग गिरने की घटना में 17 लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे राज्य में अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान चलाया गया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने भी बड़ी कार्रवाई की थी। महाराष्ट्र सरकार ने आईपीएस अधिकारी कैसर खालिद को निलंबित कर दिया है। खालिद पर होर्डिंग लगाने की मंजूरी देने में प्रशासनिक चूक और अनियमितताएं करने का आरोप है।

गौरतलब हो कि मुंबई के घाटकोपर के पंतनगर इलाके में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के किनारे रेलवे पुलिस पुलिस की जमीन पर भावेश भिंडे की कंपनी ने अवैध रूप से 14,400 वर्ग फुट का होर्डिंग लगाया था। जो होर्डिंग 13 मई की शाम करीब 04:30 बजे तेज आंधी से उखड़ गया और पेट्रोल पंप पर जा गिरा। सैकड़ों किलो वजनी होर्डिंग के नीचे दर्जनों वाहन दब गए। इस घटना में 17 लोगों की मौत हुई और 70 से अधिक घायल हुए।

हादसे के बाद होर्डिंग लगाने वाली विज्ञापन कंपनी का निदेशक भावेश भिंडे फरार हो गया। हालांकि 72 घंटे तक फरार रहने के उसे राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल वह हिरासत में है।

Updated on:
02 Aug 2024 04:40 pm
Published on:
02 Aug 2024 04:36 pm
Also Read
View All

अगली खबर