
(मुम्बई): हम लाए हैं मकान से टोटी निकाल के, इस बंगले को रखना योगी संभाल के। बड़ी संख्या में मुंबई के गिरगांव चौपटी पर जब कवि गौरव चौहान ने अपना काव्य पाठ शुरू किया और देश में राजनेताओं की हरकतों पर व्यंग्य करते हुए उक्त पंक्तियां सुनाई तो पांडाल गुंजायमान हो उठा। देश के नामचीन कवियों का साक्ष्य रही शुक्रवार को यह चौपाटी।
श्री रामलीला महोत्सव के समापन पर गिरगांव चौपाटी पर आयोजित 40 वां अखिल भारतीय विजय दशमी विराट कवि सम्मेलन था। जनता की पुकार में नाम से चार दशक से हो रहे कवि सम्मेलन को इस बार भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित किया गया। कवि सम्मेलन संयोजक विधायक व भाजपा महाराष्ट्र उपाध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा थे।
मंच संचालन करते हुए कवि सत्यनारायण सत्तन ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कविता प्रस्तुत की और अटलजी की सीख को कुछ इस तरह शब्दों में बयां किया। उन्होंने भूले से भी भूल न जाना सीखे अटल बिहारी की। अटल आत्म विश्वास हिमालय गंगा बहती धारा है,राष्ट्र संघ में अटल बिहारी ने मंत्र उच्चारा है।
सत्तन ने अटल जी को मां सरस्वती के पुजारी कहा। इस अवसर पर उपस्थित कवियों ने अपनी काव्य रचनाओं से अटलजी को श्रद्धाजंलि दी। आगरा की कवि डॉ ज्योत्सना शर्मा ने माता सरस्वती की आराधना आह्वान करते हए अपनी पहली कविता प्रस्तुत की, हे शारदे मां भव सागर से तार दे मां….
कोटा के कवि नरेश निर्भीक ने अपनी कविता प्रस्तुत करते हुए कहा कि - चाहे जान भले ही जाए लेकिन कभी नहीं डरना। ये वतन हमारा अपना है इसके खातिर मरना जीना। निर्भीक ने नकली गांधी से भी सावधान रहने की भी बात कही।
इटावा के कवि गौरव चौहान ने अपनी कविता प्रस्तुत करते हुए कहा कि - हृदय की धड़कनों में देश का सम्मान ही होगा। सदा मस्तक पटल पर अटल का अभिमान होगा।
पूर्व उप राष्ट्रपति पर टिप्पणी करते हुए चौहान ने कहा कि मुसलमाँ हो अगर थोड़ा बहुत मान से रह लो। बड़ा ओहदा संभाले थे ईमान से रह लो। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए चौहान ने कहा- हम लाए हैं मकान से टोटी निकाल के। इस बंगले को रखना योगी संभाल के।।