मुंबई

जूतों में छिपाया 29 किलो सोना, मुंबई एयरपोर्ट पर केन्याई गिरोह की चाल नाकाम…DRI ने हर कदम पर रखा नजर

Gold Smuggling Mumbai Airport: मुंबई एयरपोर्ट पर DRI के ‘ऑपरेशन धाहाबू ब्लिट्ज’ में नैरोबी से आई 24 विदेशी महिलाओं के पास से ₹37.74 करोड़ का सोना बरामद कर अंतरराष्ट्रीय तस्करी सिंडिकेट का खुलासा किया गया।

2 min read
Apr 10, 2026
AI फोटो

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तस्करी के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक को अंजाम दिया है। 'ऑपरेशन धाहाबू ब्लिट्ज' के तहत की गई इस कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 24 विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।

DRI अधिकारियों ने बताया कि इस खुफिया मिशन का नाम 'धाहाबू' रखा गया था, जिसका स्वाहिली भाषा में अर्थ 'सोना' होता है। नैरोबी (केन्या) से मुंबई पहुंची इन महिलाओं के पास से कुल 29.37 किलोग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 37.74 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कपड़ों और बैग के गुप्त खानों में था खजाना

मुंबई जोनल यूनिट को मिली पुख्ता जानकारी के बाद हवाई अड्डे पर विशेष घेराबंदी की गई थी। जब इन 24 महिलाओं की सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करी के लिए सोने को अत्यंत शातिराना तरीके से छिपाया गया था:

25.10 किलोग्राम, सोने की ईंटें और बिस्कुट

कुल 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिन्हें बड़ी चालाकी से महिलाओं के अंतःवस्त्रों, कपड़ों के विशेष खानों और बैग की लाइनिंग में छिपाकर रखा गया था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।

चकमा देने की मिली थी 'प्रोफेशनल ट्रेनिंग'

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये महिलाएं केवल साधारण 'कैरियर' (माल ढोने वाली) नहीं थीं। इन्हें बाकायदा प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी गई थी कि हवाई अड्डे पर तैनात सुरक्षा कर्मियों, बॉडी लैंग्वेज विशेषज्ञों और अत्याधुनिक स्कैनिंग मशीनों की नजरों से कैसे बचना है। सिंडिकेट ने सुरक्षा घेरा तोड़ने के लिए इन महिलाओं को एक ढाल के रूप में तैयार किया था।

मास्टरमाइंड की तलाश तेज

DRI ने इस कार्रवाई को साल की सबसे बड़ी जब्ती करार दिया है। गिरफ्तार महिलाओं को अदालत में पेश किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के तार कई देशों से जुड़े हैं। फिलहाल, जांच एजेंसियां इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट के असली मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए कड़ियां जोड़ रही हैं। इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गोल्ड स्मगलिंग सिंडिकेट को बड़ा झटका लगा है।

Updated on:
10 Apr 2026 04:07 pm
Published on:
10 Apr 2026 04:06 pm
Also Read
View All