
बिग बॉस फेम तान्या मित्तल पर लगा आरोप
Tanya Mittal influencer stylist clothing dispute:रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' में अपनी रईसी, आलीशान लाइफस्टाइल और महंगे ब्रांड्स की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली तान्या मित्तल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। शो के दौरान तान्या ने अपने ऊंचे स्टेटस और अमीर होने का जो रूतबा दिखाया था, उसे देखकर हर कोई दंग रह गया था। उन्होंने किचन में लिफ्ट होने और हर फ्लोर पर 5 से 7 नौकर होने वाली चीजें बताई थी। जिसे लेकर वह काफी ट्रोल भी हुई थीं, लेकिन शो खत्म होने के महीनों बाद उन्होंने अपनी रईसी के सबूत दिए तो लोग हैरान रह गए, लेकिन अब तान्या नए विवाद में फंस गई हैं। एक लोकल फैशन इन्फ्लुएंसर ने तान्या पर कपड़े उधार लेने और महीनों बाद भी उन्हें वापस न करने का एक बड़ा और गंभीर आरोप लगाया है।
फैशन इन्फ्लुएंसर और स्थानीय कपड़ों के ब्रांड 'नायाब बाय प्रिंस' के मालिक प्रिंस चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने दावा किया है कि बिग बॉस में महंगे कपड़ों और रईसी की बातें करने वाली तान्या और उनकी टीम ने उनके ब्रांड से कुछ बेहद खास आउटफिट्स उधार लिए थे, जिन्हें पिछले 4 महीनों से बार-बार मांगने के बाद भी वापस नहीं किया गया है।
सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाने को लेकर प्रिंस ने वीडियो में कहा, "हाल ही में मेरे साथ एक ऐसी घटना हुई है, जिसके बारे में मैं खुलकर बात नहीं करना चाहता था। मैं पिछले 4 महीने से इस मामले को शांति से सुलझाने की कोशिश कर रहा था और लगातार इंतजार कर रहा था, लेकिन अब मेरे पास इस बात को जनता के सामने लाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा था।"
प्रिंस चौधरी ने आगे तान्या पर आरोप लगाते हुए पूरे मामले को शुरुआत से बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने फैशन ब्रांड के साथ एक साझेदारी के सिलसिले में व्हाट्सएप के जरिए सीधे तान्या से संपर्क किया था। उस समय तान्या ने पोजिटिव जवाब देते हुए प्रिंस को अपने पर्सनल स्टाइलिस्ट का नंबर दिया और कहा कि आगे की बातचीत उनसे कर ली जाए।
इसके बाद जब प्रिंस ने स्टाइलिस्ट से बात की, तो स्टाइलिस्ट ने प्रिंस के ऑफिशियल कलेक्शन में से तीन पीस पसंद किए। इन चुने हुए कपड़ों में से एक खास पोशाक को नोएडा में रह रहीं तान्या के पास भेजा गया। प्रिंस ने तान्या की टीम को पहले ही साफ कर दिया था कि यह पोशाक एक महीने के भीतर वापस करनी होगी।
प्रिंस का दावा है कि जब तय समय सीमा खत्म हो गई, तो उन्हें कपड़ों की वापसी के लिए खुद तान्या की टीम से लगातार पूछताछ करनी पड़ी। इस पर तान्या की स्टाइलिस्ट ने बहाना बनाते हुए कहा कि तान्या को एक मंदिर दर्शन के दौरान यही पोशाक दोबारा पहननी है, इसलिए इसमें थोड़ी देरी होगी। प्रिंस ने बताया कि धीरे-धीरे तान्या की टीम ने संपर्क कम कर दिया और बाद में उन्हें किसी दूसरे टीम मेंबर से बात करने को कह दिया गया।
कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद जब कपड़े वापस नहीं मिले, तो परेशान होकर प्रिंस ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया, "क्या किसी छोटे और स्थानीय ब्रांड को आगे बढ़ाने और सपोर्ट करने का यही तरीका है?"
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब तान्या मित्तल शो से बाहर आने के बाद इस तरह के विवादों में फंसी हैं। बिग बॉस 19 का फिनाले खत्म होने के तुरंत बाद उनकी पूर्व स्टाइलिस्ट रिद्धिया शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। रिद्धिया का दावा था कि तान्या ने काम कराने के बाद उनका बकाया भुगतान (पेमेंट) नहीं किया है। अब इस नए कपड़े न लौटाने वाले खुलासे के बाद लोग तान्या के बिग बॉस वाले दावों का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं। फिलहाल इस पूरे विवाद पर तान्या मित्तल या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है।
Updated on:
27 May 2026 01:27 pm
Published on:
27 May 2026 01:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
