INDIA alliance Rally in Mumbai : महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान 20 मई को होगा। चुनाव प्रचार का शोर शनिवार शाम से थम जाएगा।
Lok Sabha Elections 2024 : महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के मतदान से पहले राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्षी गठबंधन खास तौर से मुंबई की छह लोकसभा सीटों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसीलिए शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर मुंबई आ रहे है। पीएम मोदी शिवाजी पार्क में बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। जबकि इंडिया गठबंधन के बड़े नेता भी आज मुंबई में जुट रहे है।
महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान 20 मई को होने वाला है। चुनाव प्रचार शनिवार शाम को समाप्त हो जाएगा। उससे पहले शुक्रवार को महायुति (एनडीए) और महाविकास अघाडी (इंडिया गठबंधन) की ओर से मुंबई में शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा।
इंडिया गठबंधन में शामिल महाविकास अघाडी के तमाम बड़े नेता एक मंच पर जुटेंगे। लेकिन विपक्षी खेमे के अहम नेता राहुल गांधी मौजूद नहीं रहेंगे। शुक्रवार शाम 6 बजे मुंबई के बीकेसी मैदान में होने वाली इस सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी के संस्थापक शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मौजूद रहेंगे।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुंबई में इंडिया गठबंधन की आज आखिरी बड़ी सभा शाम 6 बजे होगी. लेकिन इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी मौजूद नहीं रहेंगे. इसलिए यह अब चर्चा का विषय बन गया है. दरअसल वायनाड़ सांसद राहुल गांधी रायबरेली से भी लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं. रायबरेली में 20 मई को मतदान होने जा रहा है. इसलिए राहुल गांधी रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र में होंगे और मुंबई की रैली में नहीं आएंगे.
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी और अखिलेश यादव, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दोपहर करीब तीन बजे रायबरेली में संयुक्त रूप से एक रैली को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 17 मार्च को मुंबई के शिवाजी पार्क में समाप्त हुई थी। तब एक बड़ा आयोजन किया गया था, जिसमें पूरे देश से इंडिया अलायंस के नेता आए थे।