मुंबई

शादीशुदा महिला की हत्या, फिर शव के साथ बलात्कार… नागपुर में दिल दहला देने वाली वारदात

Nagpur Rape Murder : पीड़ित महिला की बेटी शाम में जब स्कूल से घर लौटी तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Feb 09, 2025

महाराष्ट्र के नागपुर से हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। जहां शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर एक शादीशुदा महिला को उसके कथित प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या की। इसके बाद उसने उसके शव के साथ रेप किया। इस अमानवीय कृत्य का खुलासा तब हुआ जब महिला की बेटी स्कूल से घर आई।

पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय मृतक महिला अपने पति और बेटी के साथ हुडकेश्वर खुर्द इलाके में रहती थी। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली है और छह साल पहले काम की तलाश में अपने पति के साथ नागपुर आई थी। उसका पति एक ढाबे पर खाना बनाने का काम करता है जबकि बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ती है।

बताया जा रहा है कि महिला का पति सुबह ढाबे पर चले जाता था और देर रात घर आता था। महिला को शराब की लत थी। इस वजह से उसकी दोस्ती इलाके के कुछ शराबी युवकों से हो गई।

आरोपी की पहचान रोहित गणेश टेकाम (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रोहित टेकाम कंस्ट्रक्शन का काम करता है और दो साल से इलाके के एक प्रोजेक्ट में काम कर रहा है।

इस वजह से उसकी महिला से पहचान हो गई। दोनों मोबाइल पर बात करने लगे और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। दोनों अक्सर मिलते रहते थे। जब महिला का पति घर पर नहीं होता तो रोहित हमेशा उससे मिलने आता था।

गुरुवार को पति के काम पर जाने के बाद पीड़ित महिला ने रोहित को फोन किया। उसे घर बुलाया। वह काम छोड़कर महिला के घर आया। फिर दोनों ने साथ शराब पी और खाना खाया। आरोप है कि रोहित ने फिर महिला से शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन उसने मना कर दिया। गुस्से में रोहित ने फिर महिला से मारपीट की। फिर भी जब पीड़िता शारीरिक संबंध बनाने के लिए राजी नहीं हुई तो रोहित ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इससे भी उसका मन नहीं भरा तो उसने शव के साथ दुष्कर्म किया और भाग गया।

शाम में बेटी जब स्कूल से घर आई तो उसने मां को जमीन पर बेसुध पड़े देखा। महिला के कान से खून निकल रहा था। उसने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया। जिसके बाद पुलिस और महिला के पति को घटना की सूचना दी गई। हुडकेश्वर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि शव के साथ रेप किया गया है। हत्या का राज महिला के मोबाइल फोन की कॉल रिकॉर्डिंग से खुला। पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार कर लिया। उसने हत्या और बलात्कार की बात कबूल कर ली। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Published on:
09 Feb 2025 09:27 pm
Also Read
View All

अगली खबर