पूरे देश में लंपी वायरस की वजह से कई पशुओं की मौत हो गई है। इस बीच महाराष्ट्र में भी पशुओं में लंपी वायरस का संक्रमण बढ़ता नजर आ रहा है, इसे लेकर राज्य के सीएम एकनाथ शिंदे ने कैबिनेट की बैठक में भी चर्चा करते हुए पशुपालन विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए हैं।
पूरे देश में लंपी वायरस की वजह से कई पशुओं की मौत हो गई है। इस बीच महाराष्ट्र में भी पशुओं में लंपी वायरस के मामलों में रोजाना बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खतरे को बढ़ता देख सीएम एकनाथ शिंदे ने सोमवार को राज्य के पशुपालन विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने और मवेशियों में लंपी वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए आदेश दे दिए है। महाराष्ट्र में बढ़ रहे लंपी वायरस के मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सीएमओ की तरफ से एक बयान भी जारी किया गया है।
इस बयान के मुताबिक, महाराष्ट्र के कई जिलों में इस वायरस की खबर मिली है और दिन में हुई कैबिनेट की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा भी की गई। इसके साथ ही अधिकारियों से वायरस को लेकर सभी जिलों में जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को फौरन सहायता देने के लिए अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने को कहा गया है। यह भी पढ़ें: Pune News: 80 साल की उम्र में कराई वेट लॉस सर्जरी, ऐसा कराने वाले भारत के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति बने
बता दें कि इस बयान में बताया गया कि टोल फ्री नंबर 18002330418 के साथ-साथ राज्य स्तरीय कॉल सेंटर टोल फ्री नंबर 1962 लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है। पिछले हफ्ते शिंदे सरकार ने मवेशियों में लंपी वायरस के मामले को रोकने के लिए पूरे राज्य को "नियंत्रित क्षेत्र" घोषित किया था। पिछले एक महीने में राज्य में लंपी वायरस के संक्रमण की वजह से 22 मवेशियों की मौत हो गई। इस बात की जानकारी महाराष्ट्र के पशुपालन विभाग के अधिकारी ने सांझा की है।
महाराष्ट्र में कई जिलों में लंपी वायरस के मामले सामने आए हैं। इनमे से अहमदनगर, जलगांव, पुणे, औरंगाबाद, सतारा, अकोला, धुले, बीड, बुलढाणा, अमरावती, उस्मानाबाद, कोल्हापुर और लातूर जिले के 133 गांवों में यह वायरस फैल चुका है। लंपी वायरस एक संक्रामक रोग है जिससे पशुओं के शरीर पर गांठे निकल आती जाती हैं। इसके साथ ही इस रोग के लक्षणों में पशुओं में बुखार, दूध कम बनना, त्वचा पर गांठ, नाक तथा आंखों से पानी निकलना आदि शामिल हैं। महाराष्ट्र के अलावा इससे पहले उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली में भी लंपी वायरस के कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं।