
Maharashtra Infrastructure Investment: महाराष्ट्र सरकार ने अगले पांच साल में राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने का बड़ा लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि इस लक्ष्य के तहत मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में करीब 50 अरब डॉलर का निवेश किया जा रहा है। इससे मेट्रो नेटवर्क, सड़क, फ्लाईओवर, सुरंग और अन्य नागरिक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस मुंबई में आयोजित थर्ड वर्ल्ड मेयर्स कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के शताब्दी वर्ष के मौके पर आयोजित किया गया।
फडणवीस ने कहा कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास एक नए शहर को विकसित किया जा रहा है, जिसे 'थर्ड मुंबई' के तौर पर विकसित करने की योजना है। इसमें एजु-सिटी, स्पोर्ट्स सिटी, मेडि-सिटी, इनोवेशन सिटी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) सिटी जैसे अलग-अलग हब बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, एजुकेशन हब में करीब एक लाख छात्रों के लिए सुविधाएं होंगी। यहां 12 विश्वस्तरीय विश्वविद्यालयों के कैंपस बनाए जाने हैं, जिनमें से सात ने काम शुरू भी कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विरार-वधावन कॉरिडोर को 'फोर्थ मुंबई' के रूप में विकसित करने की योजना है। वधावन में देश के सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक का निर्माण किया जा रहा है। फडणवीस ने उम्मीद जताई कि यह दुनिया के टॉप-10 बंदरगाहों में शामिल होगा। इस क्षेत्र को मुंबई से बुलेट ट्रेन और सुपर एक्सप्रेसवे के जरिए जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि MMR में 300 किलोमीटर से ज्यादा लंबे मेट्रो नेटवर्क, सड़कों, सुरंगों, जलापूर्ति और सीवेज ट्रीटमेंट जैसी परियोजनाओं पर 50 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च किया जा रहा है।
फडणवीस ने कहा कि 22 किलोमीटर लंबे अटल सेतु ने नवी मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचने का समय घटाकर करीब 40 मिनट कर दिया है। सरकार की योजना अगले साल इसे घटाकर करीब 30 मिनट करने की है।
मुख्यमंत्री ने धारावी पुनर्विकास परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि धारावी के निवासियों को बेहतर सुविधाओं से लैस घर उपलब्ध कराए जाएंगे। अगले 10 वर्षों में धारावी को एक बड़े व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जो बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) का पूरक होगा। इसके साथ ही मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर जैसे पुराने शहरों के पुनर्विकास और कायाकल्प पर भी सरकार काम कर रही है।
फडणवीस ने कहा कि शहरों को समस्या के तौर पर देखने के बजाय उन्हें आर्थिक विकास के इंजन के रूप में देखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की GDP में शहरों का योगदान करीब 65 प्रतिशत है, जबकि महाराष्ट्र की आधी से ज्यादा आबादी करीब 400 शहरों में रहती है। उन्होंने कहा कि बेहतर शहरी नियोजन से आर्थिक विकास के साथ लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शहरीकरण को रोकने की कोशिशों के कारण कई जगह अनियोजित विकास, झुग्गियां, पानी की कमी और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याएं पैदा हुईं। फडणवीस ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शहरीकरण को विकास के अवसर के तौर पर देखने की सोच को बढ़ावा मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में पूंजी की कमी नहीं है, लेकिन निवेश आकर्षित करने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति, मजबूत इरादा और बेहतर गुणवत्ता वाली परियोजनाएं जरूरी हैं। उन्होंने मेयरों से इंदौर, अहमदाबाद और मुंबई जैसे शहरों के सफल शहरी मॉडल का अध्ययन कर उन्हें अपने शहरों में लागू करने की अपील की। फडणवीस ने कहा कि सम्मेलन में सामने आने वाले उपयोगी सुझावों पर राज्य सरकार सकारात्मक तरीके से विचार करेगी और उन्हें लागू करने की दिशा में कदम उठाएगी।