मुंबई

कोरोना का कहर: आर्थिक राजधानी में कोरोना के 278 मरीज, महामारी से मुंबई में 18 लोगों की मौत

कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी से मुंबईकरों की चिंता बढ़ गई है। देश की आर्थिक राजधानी में कोविड-19 (Corona) मरीजों की संख्या 278 तक पहुंच गई है। अकेले मुंबई (Mumbai) में कोरोना 18 लोगों की जान ले चुका है। शुक्रवार को महाराष्ट्र (Maharastra) में कोरोना से छह लोगों की मौत हुई, जिनमें दो मुंबई के हैं। ठाणे (Thane) जिले के बदलापुर और पालघर (Palghar) के वसर्ई (Vasai) में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

2 min read
Apr 03, 2020
कोरोना का कहर: आर्थिक राजधानी में कोरोना के 278 मरीज, महामारी से मुंबई में 18 लोगों की मौत

मुंबई. महामारी रोकने से जुड़े तमाम एहतियात के बावजूद महामुंबई सहित समूचे राज्य में कोरोना (Corona) मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। महामुंबई क्षेत्र में शुक्रवार को कोरोना के 53 नए मरीज पाए गए, जिनमें 43 मायानगरी के हैं। ठाणे सहित आसपास के मनपा क्षेत्रों में भी कोरोना के 10 नए मरीज मिले हैं। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या 278 तक पहुंच गई है। उपचार के दौरान आज राज्य में छह कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया, जिनमें दो मुंबई के हैं। पालघर व बदलापुर (Badlapur) में भी एक-एक मरीज की मौत हुई है। कोराना राज्य में अब तक 26 लोगों की जान ले चुका है। कोरोना के चलते मुंबई में अब तक 8 लोगों की जान गई है। राहत की बात यह कि उपचार के बाद राज्य में 50 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।

राज्य के अन्य क्षेत्रों की बात करें तो पुणे (Pune) में कोरोना के 9 नए मरीज मिले हैं। पुणे में 70 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जिनमें से दो की मृत्यु हो चुकी है। अहमदनगर (Ahemadnagar) में 20 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। इनमें से दो दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीग के मरकज में शामिल हुए थे। ठाणे, पालघर और रायगड (Raigad) के 55 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जिनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

क्लस्टर नियंत्रण प्रणाली
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Health Minister Rajesh Tope) ने बताया कि मुंबई सहित पूरे राज्य में कोरोना का फैलाव रोकने के लिए क्लस्टर नियंत्रण प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत जिन भी इलाकों में कोरोना के मरीज मिलेंगे, समूचे परिसर में डॉक्टरों की टीम घर-घर जाएगी और जांच करेगी। राज्य में ऐसी कुल 2,455 टीमें बनाई गई हैं, जिनमें 499 मुंबई के लिए हैं।

सीआईएसएफ के 11 जवान संक्रमित
मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के 11 जवान कोरोना पीडि़त हैं। इनमें से 6 जवान शुक्रवार को कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए। इससे पहले गुरुवार को सीआईएसएफ के पांच जवानों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। 142 जवानों को पिछले कुछ दिनों से क्वारेंटाइन रखा गया है।

Published on:
03 Apr 2020 11:24 pm
Also Read
View All