मुंबई

महाराष्ट्र: अकोला में खूनी झड़प में 1 की मौत, 30 दंगाई गिरफ्तार, सरकार ने दिए जांच के आदेश

Akola Violence Update: अकोला के पुराना शहर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर संवेदनशील ‘ओल्ड सिटी’ इलाके में शनिवार को रात करीब साढ़े 11 बजे दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई।

2 min read
May 14, 2023
महाराष्ट्र के अकोला में भड़की हिंसा, 1 की मौत

Akola Riots: महाराष्ट्र के अकोला जिले के ‘ओल्ड सिटी’ इलाके में शनिवार रात को विवादित फेसबुक पोस्ट को लेकर दो समुदायों के बीच खूनी झड़प हुई। इस दौरान हिंसक भीड़ ने कई वाहनों और दुकानों को नुकसान पहुंचाया और आग के हवाले कर दिया। जिसके बाद शहर में भारी पुलिसबल तैनात कर धारा-144 लगाई गई है। फिलहाल पूरे जिले में स्थिति नियंत्रण में है। इस हिंसा के संबंध में करीब 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पुराना शहर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर संवेदनशील ‘ओल्ड सिटी’ इलाके में शनिवार को रात करीब साढ़े 11 बजे दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। पुलिस ने दंगाइयों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया। अकोला के पुलिस अधीक्षक संदीप घुगे (Sandeep Ghuge) ने बताया कि कुछ उपद्रवियों ने वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हालात सामान्य करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया है। यह भी पढ़े-आर्यन खान केस: समीर वानखेड़े के खिलाफ CBI ने दर्ज किया भ्रष्टाचार का केस, 29 ठिकानों पर की छापेमारी

पुलिस अधिकारी ने कहा, “फेसबुक पर किये गए एक धार्मिक पोस्ट के वायरल होने के बाद दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। अब तक 26 लोगों को हिरासत में लिया गया है। झड़प में 8 लोग घायल हुए हैं, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। मौके पर स्थानीय पुलिस बल, दंगा नियंत्रण दल तैनात हैं। साथ ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं।”

जिला मजिस्ट्रेट नीमा अरोड़ा (Neema Arora) ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के चार पुलिस थाना क्षेत्रों में आपराधिक दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू करने का आदेश दिया है। जबकि राज्य रिजर्व पुलिस के एक हजार कर्मियों को अकोला शहर में तैनात किया गया है।

राज्य के उपमुख्यमंत्री और अकोला जिले के संरक्षक मंत्री देवेंद्र फडणवीस स्थिति पर नजर रख रहे हैं। अधिकारिक बयान में कहा गया है, “डिप्टी सीएम फडणवीस बीती रात से ही डीजीपी के साथ-साथ अकोला पुलिस के अधिकारियों के संपर्क में है। अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में शांति है। अब तक करीब 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और डिप्टी सीएम ने घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं।”

इस बीच, कलेक्टर नीमा अरोड़ा और एसपी संदीप घुगे ने आज शांति समिति की बैठक की। बैठक में सभी धर्मों और समुदायों के प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और शहर के महत्वपूर्ण व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। सभी लोगों से अफवाह पर विश्वास न करने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Published on:
14 May 2023 02:53 pm
Also Read
View All