
Maharashtra ATS Shahzad Bhatti Raids: पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित सोशल मीडिया संपर्क रखने वाले लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पूरे राज्य में 150 से ज्यादा जगहों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई मुंबई, ठाणे, कुर्ला, बांद्रा, जोगेश्वरी, नवी मुंबई, मीरा रोड, भायंदर, सांगली, सतारा और छत्रपति संभाजीनगर समेत कई शहरों में की जा रही है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, जिन लोगों के सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित संपर्क होने की आशंका है, वे ATS के रडार पर हैं। इसी कड़ी में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि शहजाद भट्टी केडायरेक्शन पर दिल्ली के कई जरुरी जगहों पर पेट्रोल बम हमले की साजिश रची जा रही थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपियों ने राजधानी के कई संवेदनशील इलाकों की रेकी की थी, जिनमें सिविल लाइंस स्थित न्यू पुलिस लाइंस, आनंद विहार इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT), एक रेलवे स्टेशन और दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन स्थानों के वीडियो आरोपियों के मोबाइल फोन से बरामद हुए हैं। आरोप है कि इन्हें एक प्रतिबंधित मैसेजिंग ऐप के जरिए शहजाद भट्टी तक भेजा गया था।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मिले सोशल मीडिया चैट से यह भी सामने आया कि शहजाद भट्टी कथित तौर पर दानिश उर्फ चांद मियां को सामान की डिलीवरी और उसे सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दे रहा था। जांचकर्ताओं का मानना है कि यहां सामान से आशय पेट्रोल बम हो सकता है, जिनका इस्तेमाल कथित हमलों में किया जाना था। इससे पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जांच के दौरान राजघाट के पीछे स्थित विजय घाट इलाके से पेट्रोल बम भी बरामद किए थे।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए छह आरोपी पाकिस्तान में मौजूद करीब 10 अन्य लोगों के संपर्क में थे, जो कथित तौर पर शहजाद भट्टी के लिए काम कर रहे थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दानिश उर्फ चांद मियां को दिल्ली में संभावित हमलों की योजना बनाने और विभिन्न स्थानों की रेकी करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बदले सफल ऑपरेशन होने पर उसे 20 हजार रुपये देने का कथित वादा किया गया था। वहीं, उसके साथी सलमान को कथित तौर पर हमले की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसका फुटेज शहजाद भट्टी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
फिलहाल दिल्ली पुलिस और महाराष्ट्र ATS दोनों एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के डिजिटल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।