Maharashtra HSC Board Result : महाराष्ट्र बोर्ड ने 12वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से 19 मार्च तक आयोजित की थी। इस साल 14 लाख से अधिक छात्रों ने एचएससी परीक्षा दी।
Maharashtra Board 12th Results 2024 Date and Time : महाराष्ट्र में बारहवीं (HSC Exam 2024) कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल छात्रों के लिए अच्छी खबर है। 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे (HSC Exam Result 2024) मंगलवार को घोषित किए जाएंगे। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MSBSHSE) ने बारहवीं बोर्ड रिजल्ट की तारीख और समय के बारे में जानकारी दी है।
महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन (MSBSHSE) के मुताबिक, एचएससी बारहवीं रिजल्ट मंगलवार (21 मई) को दोपहर 1 बजे बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। ऐसे में अब 12वीं कक्षा के छात्र और अभिभावक नतीजों को लेकर बेहद उत्सुक हैं। इस साल एचएससी बोर्ड परीक्षा के लिए 15 लाख 13 हजार 909 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
महाराष्ट्र बोर्ड MSBSHSE द्वारा बारहवीं का रिजल्ट घोषित करने के बाद छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट- mahresult.nic.in और results.gov.in पर जाकर अपने मार्क्स देख सकेंगे। छात्र अपना रिजल्ट डिजिलॉकर digilocker.gov.in (results.digilocker.gov.in) के माध्यम से भी डाउनलोड कर सकते हैं।
एचएससी रिजल्ट आमतौर पर मई के अंतिम सप्ताह में और एसएससी रिजल्ट (10वीं) 10 जून तक घोषित किए जाते हैं। पिछले साल महाराष्ट्र बोर्ड (MSBSHSE) ने 2 जून को दसवीं कक्षा का परिणाम और 25 मई को बारहवीं कक्षा का परिणाम घोषित किया था।
महाराष्ट्र के नौ डिवीजनो- मुंबई, पुणे, अमरावती, औरंगाबाद, नागपुर, लातूर, नासिक, कोंकण और कोल्हापुर में 14 लाख से अधिक छात्र एचएससी परीक्षा में शामिल हुए और 15 लाख से अधिक छात्रों ने एसएससी परीक्षा दी। इस साल एचएससी परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह में शुरू हुईं और एसएससी परीक्षाएं 1 मार्च से शुरू हुईं। खबर है कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी महाराष्ट्र बोर्ड टॉपर्स की सूची नहीं जारी करेगा।