Maharashtra Boat capsized: महाराष्ट्र में अलीबाग के पास एक नाव अरब सागर में पलट गई। हादसे के समय नाव में कुल आठ लोग सवार थे।
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले (Alibag Boat Capsized) से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। उरण के करंजा इलाके से मछली पकड़ने निकली एक नाव अलीबाग के पास अरब सागर में पलट गई। हादसे के समय नाव में कुल आठ मछुआरे सवार थे, जिनमें से पांच तैरकर किसी तरह किनारे पहुंचने में सफल रहे, लेकिन तीन मछुआरे अब भी लापता हैं।
पुलिस और तटरक्षक बल ने बताया कि यह हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे खांदेरी के पास हुआ। समुद्र में तेज बारिश और खराब मौसम के चलते नाव असंतुलित होकर डूबने लगी। इस दौरान मछुआरे समुद्र में कूद पड़े और अपनी जान बचाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, तटरक्षक बल और स्थानीय आपदा प्रबंधन टीम ने मिलकर बड़े स्तर पर बचाव और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। लापता मछुआरों की तलाश के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंचे पांच मछुआरों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, उनमें से एक मछुआरे की आंख में चोट आई है। तीन लापता मछुआरों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने से उनके परिजन सदमे में है। इस घटना से स्थानीय मछुआरों में हड़कंप मचा दिया है।
इस हादसे में 5 लोगों ने करीब 9 घंटे तैरकर अलीबाग के सासवणे समुद्र तट तक पहुंचने में सफलता पाई। हालांकि, बाकी तीन लोग अब भी लापता हैं। जानकारी के मुताबिक, लापता लोगों में मुकेश पाटील, धीरज कोळी और नरेश शेलार शामिल हैं। उन्हें खोजने के लिए विभिन्न एजेंसियों की मदद से समुद्र में तलाश अभियान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि देर शाम तक लापता तीनों मछुआरों की तलाश जारी थी। प्रशासन ने कहा है कि जब तक सभी का पता नहीं चल जाता, तब तक खोज अभियान जारी रहेगा। साथ ही खराब मौसम के दौरान समुद्र में जाने से बचने की अपील भी की गई है।