
Diwali Fire Incident: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में दिवाली की रात एक बेहद दर्दनाक घटना हुई है। धाराशिव तालुका के येडशी गांव में सोमवार तड़के एक किराना दुकान में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पास के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की झुलसकर मौत हो गई। मृतकों में दो बुजुर्ग दंपती और दो नाबालिग बहनें भी शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे येडशी गांव स्थित 'करंडे किराना स्टोअर्स एंड गिफ्ट वेअर' नाम की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से सटे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भीषण थी कि मकान के भीतर सो रहे परिवार को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बावजूद आग पर काबू पाने के प्रयासों के बीच घर में मौजूद छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
इस दर्दनाक हादसे में करंडे परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तम त्रिंबक करंडे (75), चंद्रकला उत्तम करंडे (70), गोविंद उत्तम करंडे (47), ज्योति गोविंद करंडे (42), गायत्री गोविंद करंडे (16) और सिद्धि गोविंद करंडे (15) के रूप में हुई है।
एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों के छह सदस्यों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। खासकर 15 और 16 साल की दो किशोरियों की मौत से गांव में गहरा दुख है। इस घटना के बाद पूरे येडशी गांव में शोक का माहौल है।
फिलहाल दुकान में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। दिवाली की रात पूरे गांव के लिए मातम में बदल गई। गांव में हर तरफ इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक और संवेदना व्यक्त की जा रही है।