Vasai Murder: सोमवार को वसई में एक बंद घर में 8 साल की बच्ची का शव मिला था।
Vasai Virar News: मुंबई के करीब पालघर जिले के वसई इलाके में दिलदहला देने वाली वारदात हुई है। जहां एक नाबालिग ने अपने पड़ोस में रहने वाली मासूम बच्ची की बेरहमी से मार डाला। कुछ दिन पहले वसई-विरार इलाके में एक बंद घर में स्कूली छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। जब पेल्हार पुलिस ने मामले की जांच की तो चौंकाने वाला सच सामने आया।
पुलिस ने बताया कि मृतक बच्ची अपने परिवार के साथ वसई फाटा (ईस्ट) इलाके में रहती है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि 15 वर्षीय आरोपी नशे का आदी है। शक है कि यौन उत्पीड़न करने के लिए मासूम को 1 दिसंबर को अपने घर के अंदर खींच कर ले गया था। लेकिन जब बच्ची चिल्लाने लगी तो उसने उसकी हत्या कर दी। बाद में जब आरोपी के पिता को इसकी जानकारी हुई तो उसने बेटे को बचाने की पूरी कोशिश की और सच छिपाकर रखा। बच्ची के शव को पास के एक घर में फेंक दिया। इस बीच नाबालिग छिपने के लिए एक रिश्तेदार के यहां चला गया। जबकि पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। यह भी पढ़े-महाराष्ट्र: शक्तिपीठ तुलजाभवानी मंदिर से सोने के मुकुट और कई आभूषण गायब, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
क्या है पूरा मामला?
4 दिसंबर को वसई के वसई फाटा स्थित एक बंद घर में 8 साल की बच्ची का शव मिला था। उसके पैर नायलॉन की बेल्ट से बंधे हुए थे। बच्ची जिला परिषद स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। 1 दिसंबर की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने घर के पास के दुकान पर आइसक्रीम लेने गई और फिर अचानक गायब हो गई। उसके पिता ने एक दिसंबर को पेल्हार थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी।
पिता ने किया था इनाम का ऐलान
परिवार ने बच्चे को ढूंढने वाले को 20 हजार का इनाम देने का ऐलान किया। इस बीच, 4 दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे जिला परिषद के पीछे एक बंद कमरे में बच्ची का सड़ा-गला शव मिला। मासूम का शव प्लास्टिक की थैली में था और उसके पैर बंधे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को जांच में पता चला कि मृतक के घर के पास रहने वाले किशोर ने ही उसकी गला घोंटकर हत्या की है। फिर उसने यह घटना अपने पिता को बताई। घटना को छुपाने के लिए पिता ने बच्ची के शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। फिलहाल पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मानना है कि लड़के ने बच्ची की लाश के साथ यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया था। किशोर को गिरफ्तार करने के बाद बुधवार को जालना से वसई लाया गया। आरोपी कक्षा के अंदर अक्सर सोता रहता था। वह नशा करने के लिए कथित तौर पर कुछ तरल पदार्थ सूंघता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।