Maharashtra Pune Fire: ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैली। अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
Maharashtra Accident: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड शहर में फायर कैंडल बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लगने से सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि चिंचवड के तलवडे (Talawade, Pimpri Chinchwad) में भीषण आग लगने से अब तक सात लोगों की मौत हुई है। हादसे में कम से कम छह लोग घायल हुए है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में केक पर लगाने वाला फायर कैंडल बनाया जाता था। पिंपरी चिंचवड नगर निगम के आयुक्त शेखर सिंह ने बताया कि पिंपरी चिंचवड शहर के तलवडे इलाके में फैक्ट्री में आग लगने से सात लोगों की मृत्यु हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि मरने वाले सात लोगों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं। सभी घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह भी पढ़े-जोर-जोर से रो रहा था भांजा, मामा ने ड्रम में डुबाकर मार डाला, महाराष्ट्र में सनसनीखेज वारदात
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 3 बजे के करीब तलवडे में भीषण आग लग गयी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। पीड़ितों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दुर्भाग्य से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
चिखली और देहूरोड पुलिस के साथ-साथ फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद हैं। बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। आग में फायर कैंडल कंपनी जलकर खाक हो गई है। अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका हैं। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैली। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। ऐसे में वहां काम कर रहे लोगों को बचकर निकलने का समय नहीं मिला। फ़िलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है।