
Aurangabad News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बड़ा हादसा हुआ है। वालूज महानगर के बनकरवाडी में 12 से 14 साल के चार बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। यह दर्दनाक घटना गुरुवार देर शाम करीब 7 बजे हुई। मृतकों की पहचान विश्वजितकुमार सुखदेव उपाध्याय (उम्र- 12 वर्ष), अबरार जावेद शेख (उम्र- 12 वर्ष), अफरोज जावेद शेख (उम्र 14 वर्ष), कुणाल अनिल दलवी (उम्र- 13 वर्ष) के तौर पर हुई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी बच्चे गंगापूर तालुका के रांजनगाव शेनपुंजी के दत्तनगरात इलाके के निवासी है। सभी गुरुवार दोपहर में पाझर तलाब में तैरने गए थे। हालाँकि, जब बच्चे देर शाम तक घर नहीं लौटे, तो उनके माता-पिता ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें पता चला कि बच्चे पाझर झील पर गये थे। यह भी पढ़े-मुंबई एयरपोर्ट पर 40 करोड़ की कोकीन जब्त, 21 साल की महिला तस्कर गिरफ्तार
जब उनके माता-पिता वहां गए तो झील के किनारे कपड़े और मोबाइल मिला। लेकिन बच्चे नहीं मिले। प्रारंभिक अनुमान है कि चारों बच्चे गहराई में चले गए और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गयी। अबरार और अफरोज सगे भाई हैं। घटना से इलाके में मातम पसर गया है।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से चारों बच्चों के शव झील से बाहर निकाले। पुलिस ने बच्चों के शवों को एंबुलेंस से घाटी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।